सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। यह अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 60,000 रुपये गिर चुका है। इस साल जनवरी में भारत में सोना करीब 1.80 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। इसका भाव अब घटकर लगभग 1.20 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने में तेज गिरावट आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को सोने पर दबाव
26 नवंबर को भी सोने पर दबाव दिखा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 0.43 फीसदी यानी 17 डॉलर गिरकर 3,571 डॉलर प्रति औंस पर चल रहा था। हालांकि, भारत में गोल्ड फ्यूचर्स में तेजी दिखी। 12 बजे एमसीएक्स में गोल्ड फ्यूचर्स 1.16 फीसदी चढ़कर 1,22,548 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा था।
ऑल-टाइम हाई से 35-36% गिरा है सोना
सोना जनवरी में अपने पीक से करीब 35-36 फीसदी गिर चुका है। इस गिरावट को कई इनवेस्टर्स गोल्ड में निवेश के बड़े मौके के रूप में देख रहे हैं। सवाल है कि क्या गोल्ड में निवेश का यह गोल्डन मौका है? अगर आप मोटी कमाई के लिए गोल्ड में निवेश करने का प्लान बना रहे हैं तो आपको दिग्गज इनवेस्टर वॉरेन बफे की बातों पर गौर करने की जरूरत है।
वॉरेन बफे सोने को निवेश का अच्छा विकल्प नहीं मानते
वॉरेन बफे (Warren Buffett) सोने को लॉन्ग टर्म निवेश के लिहाज से बहुत आकर्षक विकल्प नहीं मानते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि सोने से न तो कोई नियमित आय होती है और न ही इसका इस्तेमाल किसी चीज या सेवा के उत्पादन में होता है। गोल्ड को सिर्फ महंगाई, आर्थिक अनिश्चितता और भू-राजनीतिक तनाव के बीच सुरक्षित निवेश का विकल्प माना जाता है।
बफे ने सोने में ज्यादा निवेश नहीं करने की बताई थी वजह
साल 2011 में Berkshire Hathaway की सालाना आम बैठक में बफे से पूछा गया था कि सोने की कीमतों में तेज उछाल के बावजूद उनकी कंपनी ने कमोडिटी, खासकर सोने में ज्यादा निवेश क्यों नहीं किया? इसके जवाब में बफे ने बताया था कि निवेश ऐसी संपत्ति में होना चाहिए जो समय के साथ कुछ पैदा करे, कारोबार बढ़ाए या नियमित कैश फ्लो दे। सोना इन तीनों कसौटियों पर खरा नहीं उतरता। इसे रखने पर न तो ब्याज मिलता है और न ही डिविडेंड मिलता है।
पोर्टफोलियो में सोने की एक सीमा तक हो सकती है हिस्सेदारी
फाइनेंशियल एडवाइजर्स इनवेस्टर्स को अपने इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो का सिर्फ एक हिस्सा सोने या चांदी में रखने की सलाह देते हैं। उनका मानना है कि पोर्टफोलियो का मैक्सिमम 10-15 फीसदी हिस्सा सोने या चांदी में रखा जा सकता है। वे बाकी पैसा उन विकल्पों में लगाने की सलाह देते हैं जो लंबी अवधि में अच्छा रिटर्न देते हैं। इनमें म्यूचुअल फंड की इक्विटी स्कीम और शेयर शामिल हैं। इसलिए वेल्थ क्रिएशन के लिए सोने में ज्यादा पैसे लगाना समझदारी नहीं है।