8th Pay Commission: सालाना 6% इंक्रीमेंट, OPS की बहाली और 50% DA मर्जर! सरकारी कर्मचारियों की ये है 5 बड़ी डिमांड

8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग के सामने केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन बढ़ाने के लिए बड़ा प्रस्ताव रखा गया है। भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ ने सालाना इंक्रीमेंट दोगुना कर 6% करने, 50% DA बेसिक पे में मर्ज करने और NPS-UPS खत्म कर OPS बहाल करने की मांग की है। जानें कर्मचारियों की इन 5 बड़ी मांगों का पूरा गणित और कितनी बढ़ सकती है आपकी सैलरी

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 10:38 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को हर साल बेसिक पे पर 3% का वार्षिक इंक्रीमेंट मिलता है

8th Central Pay Commission: 8वें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों की उम्मीदें तेज हो गई हैं। रक्षा मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय संगठन भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (BPMS) ने आयोग के साथ दूसरे दौर की बैठक में कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन, बीमा और प्रमोशन को लेकर एक नया ज्ञापन सौंपा है। इससे पहले संगठन ने अप्रैल 2026 में भी एक विस्तृत मांगपत्र भेजा था।

बीपीएमएस की ओर से रखे गए प्रस्तावों में से 5 सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण मांगें ऐसी हैं, जो सीधे तौर पर लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब और भविष्य से जुड़ी हैं। आइए समझते हैं इन 5 प्रमुख प्रस्तावों का पूरा गणित:

1. सालाना इंक्रीमेंट को 3% से बढ़ाकर 6% करने की मांग


वर्तमान व्यवस्था में केंद्रीय कर्मचारियों को हर साल बेसिक पे पर 3% का वार्षिक इंक्रीमेंट मिलता है। बीपीएमएस ने इसे दोगुना कर 6% करने की मांग रखी है। संगठन का तर्क है कि महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत के दौर में 3% की बढ़ोतरी नाकाफी है। सालाना 6% इंक्रीमेंट मिलने से कर्मचारियों की वित्तीय प्रगति बेहतर होगी और उनकी क्रय शक्ति बनी रहेगी।

2. बेसिक पे और पेंशन में 50% DA मर्जर का प्रस्ताव

संगठन ने मांग की है कि नया वेतन और पेंशन स्ट्रक्चर तय करने से पहले मौजूदा महंगाई भत्ते (DA) का 50% हिस्सा मूल वेतन और मूल पेंशन में मर्ज किया जाए। इसके साथ ही महंगाई के असर को खत्म करने के लिए उचित फिटमेंट फैक्टर तय करने और न्यूनतम वेतन को पारिवारिक जरूरतों व एक्रॉयड फॉर्मूले के आधार पर निर्धारित करने की सिफारिश की गई है।

3. NPS और UPS खत्म कर पुरानी पेंशन योजना की बहाली

पेंशन के मोर्चे पर बीपीएमएस ने बेहद स्पष्ट रुख अपनाते हुए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को बंद करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि केंद्रीय कर्मचारियों के लिए पारंपरिक और निश्चित लाभ वाली पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाना चाहिए। इसके अलावा 1 जनवरी 2026 से पहले और बाद में रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन संशोधन में समान व्यवहार की भी मांग की गई है।

4. बीमा कवर ₹30,000 से बढ़ाकर ₹15 लाख और मुआवजा ₹1 करोड़ करने की मांग

कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने के लिए बीपीएमएस ने बीमा कवर में भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया है:

ग्रुप इंश्योरेंस (CGEGIS): केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना के तहत मिलने वाले कवर को मौजूदा ₹30,000 से बढ़ाकर कम से कम ₹15 लाख करने की मांग की गई है।

डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस: दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को बड़ी आर्थिक मदद देने के लिए इस लाभ को बढ़ाकर ₹10 लाख करने का प्रस्ताव है।

ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर मुआवजा: आधिकारिक ड्यूटी करते समय दुर्घटना में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को मिलने वाली एक्स-ग्रेशिया राशि को बढ़ाकर ₹1 करोड़ करने की सिफारिश की गई है।

5. 30 साल की सेवा में 5 प्रमोशन और 45 दिन की पैटरनिटी लीव

करियर ग्रोथ और वर्क-लाइफ बैलेंस को सुधारने के लिए भी अहम सुझाव दिए गए हैं:

5 फाइनेंशियल अपग्रेडेशन: संगठन ने मौजूदा वैकेंसी-आधारित प्रमोशन व्यवस्था की जगह डायनेमिक प्रमोशन स्कीम लाने और MACP योजना के तहत 30 साल की सेवा में कम से कम 5 वित्तीय अपग्रेडेशन देने की मांग की है। साथ ही एक पद पर रहने की अधिकतम अवधि 5 साल तय करने का प्रस्ताव है।

छुट्टियों में बढ़ोतरी: पुरुष कर्मचारियों के लिए पैटरनिटी लीव को बढ़ाकर 45 दिन करने (गोद लेने के मामले में भी लागू) और महिला कर्मचारियों के लिए हर महीने 1 दिन की मेंस्ट्रुअल लीव शुरू करने की मांग रखी गई है।

क्या सरकार और आयोग मानेंगे ये मांगें?

फिलहाल ये सभी बिंदु भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ की ओर से रखे गए प्रस्ताव हैं और इन्हें अभी मंजूरी नहीं मिली है। 8वां वेतन आयोग विभिन्न कर्मचारी संगठनों और अन्य हितधारकों के सुझावों की समीक्षा करेगा। देश की आर्थिक स्थिति और सरकारी खजाने पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ का आकलन करने के बाद ही आयोग अपनी अंतिम सिफारिशें सरकार को सौंपेगा, जिस पर अंतिम फैसला केंद्र सरकार लेगी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।