सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसवाय) का फायदा वे लोग उठा सकते हैं, जिनकी दो बेटियां हैं। बेटियों की उम्र 10 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इस स्कीम का इंटरेस्ट रेट 8.2 फीसदी है। खास बात यह है कि इस स्कीम में सिर्फ 15 साल तक पैसे जमा करना है। यह स्कीम 21 साल में मैच्योर हो जाती है। इस स्कीम में माता-पिता अपनी क्षमता के हिसाब से इनवेस्ट कर सकते हैं।
मंथली 12,500 निवेश करने पर 69 लाख का फंड बनेगा
अगर आप बेटी के नाम से हर महीने 5,000 रुपये जमा करते हैं तो 15 साल में आप कुल 9 लाख रुपये निवेश करेंगे। अगर निवेश की पूरी अवधि में इंटरेस्ट रेट 8.2 फीसदी रहता है तो मैच्योरिटी पर करीब 27.73 लाख रुपये का फंड बन सकता है। इसी तरह हर महीने 12,500 रुपये जमा करने पर करीब 69.33 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है।
इस स्कीम में निवेश सिर्फ 15 साल तक करना होगा
सुकन्या समृद्धि योजना की एक अहम खासियत इसका निवेश और मैच्योरिटी पीरियड है। इसमें खाता खोलने के शुरुआती 15 साल तक ही पैसा जमा करना होता है। लेकिन, स्कीम 21 साल में मैच्योर होती है। इसका मतलब है कि 15 साल तक निवेश करने पर अगले 6 साल तक आपका पैसा बढ़ता रहता है। कंपाउंडिंग की वजह से आपका पैसा इस दौरान तेजी से बढ़ता है।
माता-पिता दो बेटियों के लिए स्कीम का फायदा उठा सकते हैं
SSY का फायदा उठाने के लिए कुछ शर्तें तय हैं। माता-पिता अपनी दो बेटियों तक के लिए इस स्कीम में अकाउंट ओपन कर सकते हैं। बेटियों की उम्र 10 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। सुकन्या समृद्धि योजना की ब्याज दर की सरकार हर तीन महीने में समीक्षा करती है। अक्तूबर से दिसंबर तिमाही के लिए इंरेस्ट रेट 8.2 फीसदी है। इंटरेस्ट रेट में बदलाव होने पर 21 साल में मैच्योरिटी अमाउंट में बदलाव आ सकता है।
स्कीम में हर महीने पैसे जमा करना जरूरी नहीं है
सुकन्या समृद्धि योजना में अकाउंट ओपन करने के लिए शुरुआती जमा राशि 250 रुपये है। इसके बाद हर वित्त वर्ष में कम से कम 250 रुपये जमा करना जरूरी है। वहीं, एक वित्त वर्ष में अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है। स्कीम में हर महीने पैसा जमा करना अनिवार्य नहीं है। माता-पिता अपनी सुविधा के अनुसार एकमुश्त या सालभर में कई किस्तों में पैसा जमा कर सकते हैं। हालांकि, सालाना न्यूनतम और अधिकतम निवेश की सीमा का ध्यान रखना जरूरी है।
हायर एजुकेशन के लिए तय समय से पहले निकाल सकते हैं पैसा
सुकन्या समृद्धि योजना भले ही 21 साल बाद मैच्योर हो जाती है, लेकिन बेटी की उच्च शिक्षा के खर्च के लिए बीच में कुछ रकम निकाली जा सकती है। इसके लिए बेटी की उम्र 18 साल पूरी होनी चाहिए या उसने 10वीं कक्षा पास कर ली हो। इन दोनों में से जो शर्त पहले पूरी होती है, उसके बाद पैसे निकालने की अनुमति मिल जाती है। उच्च शिक्षा के खर्च के लिए पिछले वित्त वर्ष के अंत में खाते में मौजूद बैलेंस का अधिकतम 50 फीसदी तक निकाला जा सकता है। इस सुविधा का इस्तेमाल कॉलेज या अन्य उच्च शिक्षा से जुड़े खर्चों के लिए किया जा सकता है।