MCX Gold Price: सोने की कीमतों में गुरुवार को तेज उछाल आया। Multi Commodity Exchange (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाला गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 2589 रुपये यानी 2.14 फीसदी चढ़ गया। इसका भाव 123726 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। ये तेजी उस गिरावट के बाद आई है, जो बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में दिखी थी। उस दिन चांदी 7000 रुपये टूटकर एक साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थी और सोना भी फिसला था।
MCX पर किस वजह से चढ़ा सोना
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को स्पॉट बाजार में मांग मजबूत रही। इसके चलते सट्टेबाजों ने फ्यूचर्स में नई पोजीशन बनाईं और सोने का भाव ऊपर चला गया। एनालिस्ट्स के मुताबिक बाजार के खिलाड़ियों की नई पोजीशन से ही इस कीमती धातु के दाम चढ़े। दिसंबर डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट में 2119 लॉट का कारोबार हुआ।विदेशी बाजार में भी सोने में मामूली बढ़त रही। न्यूयॉर्क में गोल्ड फ्यूचर्स 0.16 फीसदी चढ़कर 3592.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
बुधवार को चांदी 1 साल के लो पर
बुधवार को चांदी में जमकर बिकवाली हुई थी। All India Sarafa Association के मुताबिक दिल्ली के लोकल बाजार में चांदी 1.57 लाख रुपये प्रति किलो से 7000 रुपये लुढ़ककर 1.5 लाख रुपये पर आ गई। इन दामों में सभी टैक्स शामिल हैं। ये चांदी का एक साल का नया निचला स्तर है। चांदी इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को इस भाव पर थी।
सोना भी उस दिन दबाव में रहा। 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना सोमवार को 126800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। बुधवार को ये 800 रुपये गिरकर 126000 रुपये पर आ गया। दोनों धातुओं के गिरने की दो वजहें रहीं। रुपये में तेज रिकवरी आई और ग्लोबल मेटल बाजार में कमजोरी बनी रही। एक बात का ध्यान रखें। गुरुवार की तेजी MCX के फ्यूचर्स बाजार की है, जबकि बुधवार के भाव दिल्ली के सर्राफा बाजार के हैं।