SBI Research Report: अमेरिकी शेयर बाजार में जारी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। SBI रिसर्च की 24 नवंबर को जारी Ecowrap रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा गिरावट शुरुआती डॉट-कॉम बबल के मुकाबले भी तेज है। S&P 500 इंडेक्स अपने रिकॉर्ड स्तर से गिरने के बाद पहले 33 कारोबारी सत्र में 11.6% टूट चुका है। वहीं, डॉट-कॉम संकट के शुरुआती दौर में इसी अवधि में इंडेक्स 7.8% गिरा था।
अमेरिकी हाउसिंग मार्केट में भी दबाव
SBI रिसर्च ने अमेरिकी हाउसिंग मार्केट को लेकर भी चिंता जताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, होम लोन का कुल कर्ज 13.3 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंच गया है। वहीं, कंज्यूमर क्रेडिट पर ब्याज दर 11.9% बनी हुई है।
अक्टूबर के अंत में पेंडिंग होम सेल्स इंडेक्स घटकर 63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा घरों की बिक्री भी घटकर 37.5 लाख रह गई। यह अगस्त 2010 के बाद सबसे निचला स्तर है।
RBI को बड़ी रेट हाइक से बचने की सलाह
अमेरिकी बाजार में उथल-पुथल और रुपये पर दबाव के बीच SBI रिसर्च ने RBI को दिसंबर की मौद्रिक नीति में सावधानी बरतने की सलाह दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल ब्याज दर में 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी पर्याप्त होगी। इससे ज्यादा यानी 50 बेसिस पॉइंट की बड़ी बढ़ोतरी से बचना चाहिए।
रिपोर्ट में कहा गया है कि महंगाई का मौजूदा रुझान 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी के लिए पर्याप्त आधार देता है। वहीं, वैश्विक अनिश्चितता के बीच ज्यादा बड़ी बढ़ोतरी से विदेशी निवेशकों की निकासी तेज हो सकती है। इससे रुपये में अस्थिरता बढ़ने और आर्थिक विकास पर दबाव आने का खतरा है।
होम लोन महंगा होने की आशंका
BASIC Home Loan के CEO और को-फाउंडर अतुल मोंगा के मुताबिक, दिसंबर में रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की और बढ़ोतरी की संभावना महंगाई के दबाव को दिखाती है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09% और खाद्य महंगाई 8.94% पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि खाद्य कीमतों में तेजी, कमजोर मानसून, अल नीनो का खतरा और वैश्विक तनाव RBI के लिए चुनौती बने रह सकते हैं।
मोंगा के मुताबिक, ब्याज दरें बढ़ने से होम लोन की EMI महंगी हो सकती है। इसका असर खासकर पहली बार घर खरीदने वालों और अफोर्डेबल हाउसिंग सेगमेंट के ग्राहकों पर पड़ेगा।