यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रॉपर्टी खरीदना हुआ महंगा! 4 साल में 2.5 गुना बढ़े घरों के दाम, जानें- अब कितनी है कीमत

Yamuna Expressway Property Price: दिल्ली-NCR के रियल एस्टेट बाजार में यमुना एक्सप्रेसवे तेजी से उभरते प्रॉपर्टी हॉटस्पॉट के रूप में सामने आ रहा है। पिछले चार सालों में यहां घरों की औसत कीमतों में करीब 2.5 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। साल 2022 में जहां अपार्टमेंट की औसत कीमत 3,700 रुपये प्रति वर्ग फीट थी, वहीं 2026 में यह बढ़कर 9,500 रुपये प्रति वर्ग फीट पहुंच गई है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 8:36 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Yamuna Expressway Property Rates: यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रॉपर्टी की कीमतें 4 साल में 2.5 गुना बढ़ चुकी हैं

Yamuna Expressway Property Price: दिल्ली-NCR के रियल एस्टेट बाजार में यमुना एक्सप्रेसवे तेजी से एक बड़े प्रॉपर्टी हॉटस्पॉट के रूप में उभर सामने आया है। बेहतर कनेक्टिविटी, तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े निवेश के चलते यहां घरों की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। रियल एस्टेट कंसल्टेंट स्क्वायर यार्ड्स (Square Yards) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास आवासीय प्रॉपर्टी की औसत कीमत करीब 2.5 गुना बढ़ गई है। साल 2022 से 2026 के बीच यहां घरों की कीमतों में 27 फीसदी की सालाना CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट) दर्ज की गई है।

इसका मुख्य कारण बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर है, जिससे लोगों की मांग बढ़ी है। साल 2022 में जहां अपार्टमेंट की औसत कीमत 3,700 रुपये प्रति वर्ग फीट थी। वहीं 2026 में यह बढ़कर 9,500 रुपये प्रति वर्ग फीट पहुंच गई है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी 'Square Yards' की गुरुवार (26 नवंबर) को जारी रिपोर्ट 'India's Next Growth Corridor: Yamuna Expressway' में यह जानकारी सामने आई है।

अभी कितनी है कीमतें?


Square Yards के मुताबिक, वर्तमान में यहां एक अपार्टमेंट की औसत कीमत 9,500 रुपये प्रति वर्ग फुट है। जबकि 2025 में यहां प्रॉपर्टी की कीमत ₹8,900 प्रति वर्ग फुट, 2024 में ₹8,000 प्रति वर्ग फुट, 2023 में ₹5,000 प्रति वर्ग फुट और 2022 में ₹3,700 प्रति वर्ग फुट थी। इस रिपोर्ट में इसकी मुख्य वजह 165 किलोमीटर लंबे छह-लेन वाले और एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे को बताया गया है, जो ग्रेटर नोएडा को आगरा से जोड़ता है।

प्लॉटेड प्रोजेक्ट्स खासतौर पर शुरुआती दौर में निवेश करने वाले खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। जबकि विला प्रोजेक्ट्स प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहकों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। रिपोर्ट में इस क्षेत्र में अनुमानित रेंटल यील्ड करीब 2.20 फीसदी सालाना बताई गई है।

75 लाख से 5 करोड़ रुपये तक में मिल रहे फ्लैट

रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आवासीय प्रॉपर्टी के बाजार में अलग-अलग बजट के विकल्प मौजूद हैं। 'स्क्वायर यार्ड्स' ने इस कॉरिडोर में लगभग 200 रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स की पहचान की है, जिन पर काम चल रहा है। यहां हाउसिंग मार्केट में अलग-अलग कीमतों के विकल्प मौजूद हैं। अपार्टमेंट की कीमतें ₹75 लाख से लेकर 5 करोड़ रुपये तक हैं। इनसे सालाना लगभग 2.20% रेंटल यील्ड (किराए से होने वाली कमाई) मिलने का अनुमान है। इसके अलावा, यहां प्लॉट (जमीन के टुकड़े) भी उपलब्ध हैं, जो शुरुआती दौर के निवेशकों को आकर्षित करते हैं। साथ ही, प्रीमियम सेगमेंट के लिए विला भी मौजूद हैं।

चार साल में ऐसे बढ़े फ्लैट के दाम

Square Yards की रिपोर्ट के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास अपार्टमेंट की औसत कीमतों में पिछले चार वर्षों के दौरान लगातार बढ़ोतरी हुई है।

साल के हिसाब से प्रॉपर्टी की औसत कीमत इस प्रकार रही:-

2022: 3,700 रुपये प्रति वर्ग फीट

2023: 5,000 रुपये प्रति वर्ग फीट

2024: 8,000 रुपये प्रति वर्ग फीट

2025: 8,900 रुपये प्रति वर्ग फीट

2026: 9,500 रुपये प्रति वर्ग फीट

क्यों आसमान छू रही हैं कीमतें?

'स्क्वायर यार्ड्स' के को-फाउंडर और चीफ बिजनेस ऑफिसर राहुल पुरोहित ने पीटीआई से कहा, "यह इलाका कभी अपनी किफायती प्रॉपर्टी कीमतों के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां बड़े पैमाने पर हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और भारी निवेश के कारण यह इलाका एक बड़े बदलाव से गुजर रहा है।" उन्होंने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे कॉरिडोर एक प्रीमियम प्रॉपर्टी मार्केट के रूप में उभर रहा है। पुरोहित ने आगे कहा, "आने वाले समय में इस कॉरिडोर के कुछ इलाकों में कीमतों में भारी उछाल आ सकता है। ये इलाके गुरुग्राम जैसे स्थापित बाजारों को टक्कर दे सकते हैं, या उनसे भी आगे निकल सकते हैं।"

2031 तक 35 लाख हो सकती है आबादी

2012 से चालू हुई यमुना एक्सप्रेसवे ने नोएडा से आगरा के बीच की यात्रा के समय को काफी कम कर दिया है। यह कॉरिडोर उत्तर प्रदेश के छह जिलों में फैला हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अंतर्गत आता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2031 तक यहां की आबादी 35 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। स्क्वायर यार्ड्स की रिपोर्ट में इस कॉरिडोर को दिल्ली-NCR के एक किफायती विकल्प (affordability bridge) के रूप में पेश किया गया है।

ये भी पढ़ें- Parliament Session: 30 नवंबर और 2 दिसंबर को संसद का विशेष सत्र क्यों बुला रही सरकार? महिला आरक्षण और परिसीमन पर नजरें!

इसका मतलब है कि नोएडा और गुरुग्राम जैसे महंगे और विकसित रियल एस्टेट बाजारों की तुलना में यहां खरीदारों को अपेक्षाकृत कम शुरुआती कीमत पर प्रॉपर्टी खरीदने के विकल्प मिल सकते हैं। प्रॉपर्टी की कीमतों में तेजी के बावजूद यमुना एक्सप्रेसवे का पूरा इलाका अभी विकास के दौर से गुजर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।