AC Blast: धड़ाधड़ हो रहे हैं AC ब्लास्ट! अगर आपके घर में हो जाए ऐसा हादसा, तो क्या बीमा कंपनी देगी नुकसान का पैसा? जानें

AC Blast Home Insurance Cover: AC ब्लास्ट की ये घटनाएं जितनी खतरनाक हैं, उतनी ही बड़ी वित्तीय चपत भी लगाती हैं। ऐसे में हर घर के मालिक के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या होम इंश्योरेंस पॉलिसी एसी फटने से होने वाले नुकसान की भरपाई करती है? जानिए बीमा नियमों के हिसाब से आपको क्लेम मिलेगा या नहीं

अपडेटेड Jun 30, 2026 पर 1:59 PM
जानिए अगर आपके घर में हो जाए ऐसा हादसा, तो क्या बीमा कंपनी देगी नुकसान का पैसा?

Home Insurance Cover for AC Blast: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे देश में इस समय भीषण गर्मी जारी है। इसी तपती गर्मी के बीच आजकल एसी ब्लास्ट और उससे घरों में आग लगने की डरावनी घटनाएं खूब सुनने को मिल रही हैं। हाल ही में नोएडा की एक हाईराइज सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर भी एसी ब्लास्ट के कारण भीषण आग लग गई, जिसने लोगों को गहरी चिंता में डाल दिया है।

AC ब्लास्ट की ये घटनाएं जितनी खतरनाक हैं, उतनी ही बड़ी वित्तीय चपत भी लगाती हैं। ऐसे में हर घर के मालिक के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या होम इंश्योरेंस पॉलिसी एसी फटने से होने वाले नुकसान की भरपाई करती है? आइए बताते हैं कि बीमा नियमों के हिसाब से आपको क्लेम मिलेगा या नहीं।

पहले जानिए AC में ब्लास्ट क्यों होता है?


एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एसी यूनिट में धमाका या आग लगने के दो मुख्य कारण होते हैं:

कंप्रेशर फेल होना: अत्यधिक दबाव और लगातार चलने से जब सबसे ज्यादा प्रेशराइज्ड पार्ट यानी कंप्रेशर ओवरलोड हो जाता है, तो बेहद दुर्लभ मामलों में वह फट सकता है।

शॉर्ट सर्किट: भीषण गर्मी में ओवरहीटिंग के कारण तारों में शॉर्ट सर्किट होता है, जिससे उठी चिंगारी तेजी से पूरी यूनिट और घर में आग फैला देती है।

पॉलिसी में क्या-क्या कवर होता है?

बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस के हेड (कमर्शियल अंडरराइटिंग) गुरदीप सिंह बत्रा के मुताबिक, भारत गृह रक्षा या हाउसहोल्डर पैकेज पॉलिसी जैसी स्टैंडर्ड होम इंश्योरेंस पॉलिसियों में 'धमाके' को एक जोखिम माना गया है।

अगर एसी ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट के कारण घर में आग लगती है, तो पॉलिसी के तहत दीवारों, छत, फर्नीचर, फिटिंग्स और घर के अन्य सामान को हुए नुकसान की पूरी भरपाई की जाती है।

इंश्योरेंस टेक प्लेटफॉर्म Securenow.in के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक बोंदिया के अनुसार, भले ही कुछ नीतियां खुद AC यूनिट के नुकसान को बाहर रख दें, लेकिन आग के कारण आसपास की दीवारों, पेंट या डेकोर को जो नुकसान होगा, उसका क्लेम मिलेगा।

पेच कहां है? खुद AC का पैसा कब मिलेगा?

स्टैंडर्ड होम इंश्योरेंस आग से जले घर का पैसा तो दे देगा, लेकिन खुद फटने वाले एसी का पैसा सामान्य तौर पर नहीं देता है। अगर आप चाहते हैं कि ब्लास्ट हुए एसी या फ्रिज का पैसा भी कंपनी दे, तो आपको अपनी पैकेज पॉलिसी में 'डोमेस्टिक अप्लाइंस ब्रेकडाउन' या 'मशीन ब्रेकडाउन कवर' का ऐड-ऑन लेना होगा। यह आपके घर के घोषित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को आकस्मिक मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल खराबी से सुरक्षा देता है।

क्या कवर नहीं होता?

बीमा लेते समय और क्लेम करते समय इन बातों का ध्यान रखें, क्योंकि इन स्थितियों में क्लेम रिजेक्ट हो सकता है:

घोर लापरवाही या जानबूझकर किया गया नुकसान: अगर एसी की सालों से सर्विस नहीं हुई है या उसे जानबूझकर ऐसी स्थिति में चलाया गया जिससे हादसा हो, तो कंपनी मना कर सकती है।

कीमती सामान: घर में रखा कैश, चेक, जरूरी दस्तावेज, और बिना घोषित किए रखे गए सोने-चांदी के जेवरात या कीमती पत्थर साधारण पॉलिसी में कवर नहीं होते। आग लगने के दौरान या उसके तुरंत बाद होने वाली चोरी भी इसमें शामिल नहीं होती।

Gold Silver Buy or Sell: सोने-चांदी में रिकॉर्ड गिरावट, क्या यह खरीदारी का सबसे सही मौका है या फटाफट बेचने में ही भलाई? एक्सपर्ट्स से समझें

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।