Atal Pension: लोगों का अटल पेंशन में निवेश करने में इंटरेस्ट बढ़ने लगा है। अटल पेंशन योजना के तहत कुल नामांकन 31 मार्च को 5.20 करोड़ के आंकड़े को पार कर गया। इस फंड के तहत कुल संपत्ति 27,200 करोड़ रुपये से अधिक हो गई है। पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण (PFRDA) के मुताबिक पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 में नए ग्राहकों का नामांकन 2021-22 में नामांकित 99 लाख नए ग्राहकों की तुलना में 20 प्रतिशत बढ़ा। इस बार इसमें 1.19 करोड़ बढ़ गए हैं। पीएफआरडीए ने एक बयान में कहा कि अब तक अटल पेंशन में मैनेजमेंट के तहत कुल संपत्ति (AUM) 27,200 करोड़ रुपये से अधिक है और योजना की शुरुआत के बाद से इस योजना ने 8.69 फीसदी का इन्वेस्टमेंट रिटर्न मिलता है।
इन बैंकों ने हासिल किया टारगेट
पब्लिक सेक्टर बैंक की केटेगरी में 9 बैंकों ने अपने टारगेट को हासिल किया है। इस लिस्ट में बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और इंडियन बैंक ने प्रति शाखा 100 से अधिक एपीवाई खाते खोले। क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की श्रेणी के तहत, 32 बैंकों ने सालाना टारगेट हासिल किया है। झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, विदर्भ कोंकण ग्रामीण बैंक, त्रिपुरा ग्रामीण बैंक और बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने प्रति शाखा 160 से अधिक एपीवाई खाते खोले।
12 राज्यों ने पूरा किया टारगेट
साथ ही तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक, धनलक्ष्मी बैंक और एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने वित्त मंत्रालय के सालाना टारगेट को हासिल किया है। इसके अलावा, बिहार, झारखंड, असम, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तराखंड जैसे 12 राज्यों ने भी अपने टारगेट को हासिल किया है।
अटल पेंशन योजना (APY) 2015 में भारत सरकार ने शुरू की थी। ये पेंशन योजना सरकार भारतीय नागरिकों को उनकी वृद्धावस्था में आय का एक सोर्स देने के लिए चला रही है। ये पेंशन योजना खासकर उन लोगों के लिए चलाई जा रह है जो असंगठित सेक्टर में काम कर रहे हैं। अटल पेंशन योजना के तहत ग्राहक को अपनी सुविधा के आधार पर मासिक, तिमाही या सालाना के आधार पर एक तय पैसा निवेश करना होता है।
ये लोग उठा सकते हैं फायदा
यह योजना 18 से 40 वर्ष की आयु के बीच के सभी भारतीय नागरिकों के लिए खुली है। 01 अक्टूबर 2022 से कोई भी नागरिक जो टैक्सपेयर्स है या रह चुका है, वह APY में शामिल होने के लिए पात्र नहीं है। यानी, वह इस योजना में निवेश नहीं कर सकते। अटल पेंशन योजना के तहत 1000 रुपये से लेकर 5000 रुपये हर महीने मिलती है। ग्राहक की मृत्यु की स्थिति में पेंशन का पैसा नॉमिनी को मिल जाएगी।