Bank FD: PNB की 680 दिन वाली स्पेशल FD स्कीम पर 7.65% तक तगड़ा ब्याज, ₹5 और ₹10 लाख पर इतना होगा मुनाफा

PNB 680 Days Special FD: सरकारी क्षेत्र के प्रमुख बैंक PNB ने अपने ग्राहकों के लिए 680 दिनों की स्पेशल FD स्कीम पेश की है। इस पर सालाना 7.65 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है। बैंक की इस योजना में सामान्य ग्राहकों से लेकर सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजंस तक के लिए अलग-अलग ब्याज दरें तय की गई हैं। जानिए इस खास एफडी की पूरी डिटेल और घर बैठे निवेश करने का तरीका

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 9:22 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सामान्य ग्राहकों से लेकर सीनियर और सुपर सीनियर सिटीजंस तक के लिए अलग-अलग ब्याज दरें तय की गई हैं

PNB 680 Days Special FD: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने सुरक्षित निवेश और तय रिटर्न की तलाश कर रहे ग्राहकों के लिए 680 दिनों की स्पेशल टर्म डिपॉजिट स्कीम की पेशकश की है। बैंक की इस खास अवधि वाली फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर अधिकतम 7.65% सालाना तक ब्याज दिया जा रहा है। आइए आपको बताते हैं इस खास FD स्कीम की हर एक जरूरी डिटेल।

किस कैटेगरी को कितना मिलेगा ब्याज?

पंजाब नेशनल बैंक की इस 680 दिनों की स्पेशल टर्म डिपॉजिट योजना के तहत ग्राहक की आयु वर्ग के हिसाब से ब्याज दरें तय की गई हैं:


सुपर सीनियर सिटीजंस: इस वर्ग के ग्राहकों को सबसे ज्यादा 7.65% सालाना की दर से ब्याज मिलेगा।

सीनियर सिटीजंस: वरिष्ठ नागरिकों को इस स्कीम पर 7.40% सालाना का रिटर्न ऑफर किया जा रहा है।

सामान्य नागरिक: आम ग्राहकों को 680 दिनों की इस खास एफडी पर 6.90% सालाना की दर से ब्याज मिलेगा।

निवेशकों के लिए क्यों खास है 680 दिनों की यह अवधि?

आमतौर पर बैंकों की एफडी 1 साल, 2 साल या 3 साल जैसी पारंपरिक अवधियों में आती हैं। 680 दिनों (करीब 1 साल 10 महीने और 10 दिन) की विशेष अवधि उन निवेशकों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जो 2 साल से कम समय में अपने पैसे को सुरक्षित रखते हुए सामान्य अवधि की तुलना में बेहतर ब्याज दर लॉक करना चाहते हैं। खासकर वरिष्ठ और अति-वरिष्ठ नागरिकों के लिए 7.40% से 7.65% तक की दर नियमित और सुरक्षित आय के लिहाज से आकर्षक विकल्प बन सकती है।

बैंक शाखा जाए बिना घर बैठे कैसे करें निवेश?

पीएनबी के मुताबिक, ग्राहक इस स्पेशल टर्म डिपॉजिट में बैंक शाखा जाने के अलावा डिजिटल माध्यमों से भी आसानी से निवेश कर सकते हैं:

PNB One App: बैंक के आधिकारिक मोबाइल बैंकिंग ऐप 'PNB One' के जरिए कुछ ही स्टेप्स में एफडी खोली जा सकती है।

WhatsApp Banking: ग्राहक बैंक के आधिकारिक व्हाट्सऐप बैंकिंग नंबर 9264092640 के माध्यम से भी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

Net Banking: इंटरनेट बैंकिंग पोर्टल ibanking.pnb.bank.in पर लॉग इन करके भी 680 दिनों की स्पेशल एफडी बुक की जा सकती है।

इसके अलावा, अधिक जानकारी या सहायता के लिए ग्राहक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट https://pnb.bank.in पर जा सकते हैं या टोल-फ्री नंबर 1800 1800 और 1800 2021 पर संपर्क कर सकते हैं। बैंक के अनुसार इस योजना पर नियम एवं शर्तें (T&C Apply) लागू होंगी।

अब जानिए ₹5 और ₹10 लाख पर कितना होगा मुनाफा?

PNB की 680 दिन वाली स्पेशल एफडी में तिमाही चक्रवृद्धि ब्याज के अनुमान के मुताबिक, ₹5 लाख पर सामान्य नागरिकों (6.90%) को लगभग ₹67,965, सीनियर सिटीजंस (7.40%) को लगभग ₹73,187 और सुपर सीनियर सिटीजंस (7.65%) को लगभग ₹75,813 का ब्याज मिलेगा, जबकि ₹10 लाख पर यही मुनाफा सामान्य वर्ग (6.90%) के लिए लगभग ₹1,35,930, सीनियर सिटीजंस (7.40%) के लिए लगभग ₹1,46,373 और सुपर सीनियर सिटीजंस (7.65%) के लिए लगभग ₹1,51,626 के आसपास होगा

(नोट: यह गणना 680/365 वर्ष की अवधि पर अनुमानित है। TDS, टैक्स स्लैब और बैंक की वास्तविक शर्तों के हिसाब से अंतिम राशि में अंतर आ सकता है)।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।