Bandhan Bank Fixed Deposit Rates: बंधन बैंक ने अपने फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही यह उन बैंकों की लिस्ट में शामिल हो गई, जिन्होंने हाल में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एफडी की दरें बढ़ाई हैं। कोलकाता मुख्यालय वाले बंधन बैंक ने सोमवार 6 फरवरी को बताया कि उसने विभिन्न अवधि वाले फिक्स्ड डिपॉजिट पर 0.50 फीसदी तक ब्याज दरें बढ़ाई हैं। नई दरें सोमवार 6 फरवरी से लागू हो गई हैं। इसके साथ ही बैंक अब 600 दिन की अवधि वाले फिक्स्ड डिपॉजिट पर वरिष्ठ नागरिकों को 8.5 फीसदी और अन्य नागिकों को 8 फीसदी सालाना का ब्याज ऑफर कर रहा है।
इसी तरह एक साल की अवधि वाले फिक्स्ड डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़कर अब 7 फीसदी हो गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों को सभी अवधि वाले एफडी पर अतिरिक्त 0.5 फीसदी ब्याज मिलेगा।
बंधन बैंक ने बताया कि नई एफडी दरें 2 करोड़ से कम राशि वाले फिक्स्ड डिपॉजिट के लिए हैं और ये 6 फरवरी से लागू हो गई हैं। बैंक ने यह भी बताया कि ये ऑफर सिर्फ सीमित समय के लिए है।
जना स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी बढ़ाई दर
बंधन बैंक से पहले बेंगलुरु मुख्यालय वाली जना स्मॉल फाइनेंस बैंक ने भी अपने एफडी पर ब्याज दरें बढ़ाने का ऐलान किया था। ये दरें 1 फरवरी से ही लागू हैं। बैंक ने बताया कि ग्राहक अब 2-3 साल से अधिक की अवधि वाले एफडी पर 8.10 फीसदी तक का ब्याज पा सकते हैं।
बैंक ने कहा कि इसके अलावा ग्राहक 2-3 साल से अधिक की अवधि के लिए 'फिक्स्ड डिपॉजिट प्लस' नाम की एक स्कीम पर 8.25% तक के ब्याज का लाभ उठा सकते हैं। वरिष्ठ नागरिकों को 8.80 फीसदी ब्याज मिलेगा।