RBI में डिप्टी गवर्नर पद के लिए नियुक्ति की प्रकिया शुरू, जानिए संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट में कौन-कौन है शामिल

RBI के डिप्टी गवर्नर एमके जैन का पांच साल का कार्यकाल 21 जून, 2023 को खत्म होने जा रहा है। RBI में डिप्टी गवर्नर बनने से पहले वह IDBI और इंडियन बैंक के बॉस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनके रिटायर होने से पहले वित्त मंत्रालय उम्मीदवार के चयन की प्रक्रिया पूरी कर लेना चाहता है

अपडेटेड Mar 21, 2023 पर 11:24 AM
Story continues below Advertisement
RBI का डिप्टी गवर्नर बनने के लिए बैंकिंग सेक्टर का कम से कम 15 साल का अनुभव होना जरूरी है।

RBI में डिप्टी गवर्नर के खाली होने वाले पद के लिए नियुक्ति होने जा रही है। डिप्टी गवर्नर बनने के रेस में कई सरकारी बैंकों के एग्जिक्यूटिव के शामिल होने की उम्मीद है। बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda), बैंक ऑफ महाराष्ट्र (Bank of Maharashtra) और पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank) के बॉस इस पद के लिए अप्लाई कर सकते हैं। SBI के दो मैनेजिंग डायरेक्टर्स के भी इस पद के लिए अप्लाई करने की उम्मीद है। चूंकि ये सभी अनुभवी बैंकर्स हैं, जिससे इनमें किसी एक का चुनाव करना सरकार की अप्वाइंटमेंट कमेटी के लिए मुश्किल हो सकता है।

संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट

बताया जाता है कि बैंक ऑफ बड़ौदा के एमडी एवं सीईओ संजीव चड्ढा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एमडी एवं सीईओ, पीएनबी के एमडी एवं सीईओ एके गोयल, एसबीआई के एमडी सीएस शेट्टी और स्वामीनाथन जे इस पद के दावेदारों में शामिल हैं।


जून में खाली होगा डिप्टी गवर्नर का पद

आरबीआई के डिप्टी गवर्नर एमके जैन इस साल जून में अपना कार्यकाल पूरे करने जा रहे हैं। वित्त मंत्रालय ने आरबीआई में डिप्टी गवर्नर के खाली होने वाले इस पद के लिए अप्लिकेशन मांगा हैं। इसमें कहा गया है कि उम्मीदवार को बैंकिंग सेक्टर का व्यापाक अनुभव होना चाहिए। उसे बॉन्ड मार्केट्स, बैंकरप्सी, रिस्ट्रक्चरिंग, क्रेडिट मॉडल और रिस्क मैनेजमेंट का भी अनुभव होना चाहिए।

उम्मीदवार की उम्र 60 से ज्यादा नहीं

वित्तमंत्रालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवार की उम्र 22 जून, 2023 को 60 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। शुरुआत में डिप्टी गवर्नर के पद पर नियुक्ति तीन साल के लिए होगी। उसके बाद उसका कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है। उसकी नियुक्ति प्रति माह 2.25 लाख रुपये के पे-स्केल में होगी।

आरबीआई में चार डिप्टी गवर्नर

RBI के डिप्टी गवर्नर एमके जैन का पांच साल का कार्यकाल 21 जून, 2023 को खत्म होने जा रहा है। RBI में डिप्टी गवर्नर बनने से पहले वह IDBI और इंडियन बैंक के बॉस की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। आरबीआई उनका कार्यकाल खत्म होने से पहले इस पद पर नियुक्ति की प्रकिया शुरू करना चाहता है। अभी केंद्रीय बैंक में चार डिप्टी गवर्नर हैं। इनमें से दो RBI के एग्जिक्यूटिव्स हैं। एक डीजी को कमर्शियल बैंकिंग का अनुभव है। चौथा डिप्टी गवर्नर केंद्रीय बैंक का इकोनॉमिस्ट या वित्तमंत्रालय का सीनियर अफसर हो सकता है।

बैंकर के पास 15 साल का अनुभव जरूरी

RBI का डिप्टी गवर्नर बनने के लिए बैंकिंग सेक्टर का कम से कम 15 साल का अनुभव होना जरूरी है। उसके पास बैंकिंग एंड फाइनेंशियल मार्केट ऑपरेशन का भी अनुभव होना अनिवार्य है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।