Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार, 20 नवंबर को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना लगातार 9वें दिन सस्ता हुआ। इसकी कीमत में ₹5,200 की बड़ी गिरावट आई। इसके बाद 10 ग्राम सोने का भाव घटकर ₹1,29,300 रह गया। चांदी भी ₹4,000 टूटकर ₹1.58 लाख प्रति किलो पर आ गई।
9 दिन से लगातार सस्ता हुआ सोना
स्थानीय कारोबारियों के मुताबिक, 24 कैरेट वाले सोने का भाव गुरुवार को ₹1,34,500 प्रति 10 ग्राम था। शुक्रवार को यह ₹5,200 गिरकर ₹1,29,300 पर आ गया। ग्लोबल मार्केट में लगातार बिकवाली का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है।
चांदी की कीमत भी ₹4,000 गिरी
सोने के साथ चांदी में भी कमजोरी रही। शुक्रवार को चांदी का भाव ₹4,000 गिरकर ₹1.58 लाख प्रति किलो पर आ गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र में यह ₹1.62 लाख प्रति किलो पर बंद हुई थी।
विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी कमजोर
कीमती धातुओं में गिरावट सिर्फ भारतीय बाजार तक सीमित नहीं है। विदेशी बाजार में भी सोना और चांदी लगातार दबाव में हैं। शुक्रवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने का हाजिर भाव 38.99 डॉलर यानी 1.08% गिरकर 3,586.32 डॉलर प्रति औंस रह गया।
वहीं, चांदी करीब 1% टूटकर 42.62 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। लगातार बिकवाली के चलते दोनों धातुएं सितंबर 2025 के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं।
Choice Broking की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर में मजबूती और ट्रेजरी बॉन्ड की बढ़ती यील्ड ने सोने की चमक फीकी कर दी है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर हुई है।
उन्होंने कहा कि कीमतें घटने से घरेलू बाजार में शादी और त्योहारों के लिए ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है। हालांकि, बजट को लेकर सतर्क ग्राहक अभी खरीदारी में जल्दबाजी नहीं कर रहे हैं। ज्वेलर्स भी कीमतों में स्थिरता चाहते हैं, ताकि उनके पास मौजूद स्टॉक के मार्जिन पर दबाव न पड़े। कावेरी मोरे के मुताबिक, फिलहाल सोने और चांदी का शॉर्ट टर्म आउटलुक कमजोर है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।