Gold Price Outlook: शिखर से 37% टूटा सोना, अब किस ओर जाएगा भाव? समझिए एक्सपर्ट्स से
Gold Price Outlook: सोने की कीमतों में लगातार गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। भाव रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 37% टूट चुका है। अब घरेलू बाजार में 1.20 लाख रुपये का स्तर अहम है। जानिए एक्सपर्ट्स और 12 ब्रोकरेज फर्मों का 2026 और 2027 के लिए क्या अनुमान है।
केडिया फिनकॉर्प के फाउंडर नितिन केडिया के मुताबिक, अगले हफ्ते यानी 23 से 27 नवंबर के दौरान सोने के लिए 3,600 से 3,637 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम रहेगा।
Gold Price Outlook: सोने की कीमतों में गिरावट थमने का नाम नहीं ले रही है। चांदी समेत दूसरी कीमती और औद्योगिक धातुओं पर भी दबाव बना हुआ है। शुक्रवार को सोना लगातार पांचवें दिन गिरा। इस गिरावट के साथ यह मार्च के बाद अपनी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रहा है। सोने का भाव 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है।
सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट
ब्लूमबर्ग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को सोने की कीमत में 2.4% तक की गिरावट आई। इसका भाव 3,540 डॉलर प्रति औंस के नीचे चला गया। पूरे हफ्ते में सोना करीब 9% टूटने की राह पर है।
सोने की कीमत सितंबर 2025 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। यह अब अपने 5,608 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर से करीब 37% नीचे आ गया है। चांदी की हालत भी अच्छी नहीं है। एक हफ्ते में इसका भाव करीब 14% गिर चुका है।
भारत में भी सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव है। देश के सबसे बड़े कमोडिटी डेरिवेटिव एक्सचेंज MCX पर सोना करीब 4% गिरकर 1.22 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी भी 8000 रुपये से ज्यादा टूटकर 1.49 लाख रुपये तक आ गई है।
सोने में इतनी गिरावट क्यों आ रही है?
Choice Broking की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे के मुताबिक, मजबूत अमेरिकी डॉलर और ट्रेजरी यील्ड बढ़ने से सोने पर दबाव बना हुआ है। उनका कहना है कि घरेलू बाजार में सोना 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक फिसल सकता है।
कावेरी ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से निवेशकों का रुझान सोने से दूर हुआ है। इसके अलावा, AI कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बाद निवेशक नुकसान की भरपाई के लिए सोना बेच रहे हैं। हालांकि, कीमतें घटने से शादी-ब्याह के सीजन में ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है। फिर भी ग्राहक खरीदारी में सावधानी बरत रहे हैं।
गोल्ड के लिए अहम टेक्निकल लेवल
केडिया फिनकॉर्प के फाउंडर नितिन केडिया के मुताबिक, अगले हफ्ते यानी 23 से 27 नवंबर के दौरान सोने के लिए 3,600 से 3,637 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम रहेगा।
उन्होंने कहा कि सोना इस दायरे को पार करके टिकता है, तो 3,668 डॉलर और फिर 3,711 से 3,759 डॉलर तक रिकवरी देखने को मिल सकती है। वहीं, इस स्तर तक पहुंचने में नाकाम रहने पर सोना 3,500 और 3,454 डॉलर तक फिसल सकता है।
2026 में कहां तक गिर सकता है सोना?
सोने की कीमतों पर नजर रखने वाली 12 ब्रोकरेज फर्मों के अनुमान के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोने को 1,15,000 से 1,25,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में सपोर्ट मिल सकता है। यानी मौजूदा गिरावट के बाद भी कीमतों में दबाव बना रह सकता है।
ब्रोकरेज फर्म
सोने का अनुमान (₹ प्रति 10 ग्राम)
Nirmal Bang
₹1,25,000
SMC
₹1,25,000
GCL
₹1,24,000
Prontellitrade
₹1,24,000
Ventura Sec
₹1,24,000
Kotak Neo
₹1,22,000
Kunvarji Group
₹1,22,000
Kedia
₹1,21,500
Prithvi Finmart
₹1,20,000
Commodity Samachar
₹1,18,000
Prabhudas Lilladher
₹1,17,000
LKP Sec
₹1,15,000
2027 के लिए क्या है अनुमान?
अगले साल को लेकर ब्रोकरेज फर्मों का नजरिया अलग है। 12 वित्तीय संस्थानों के अनुमान के मुताबिक, 2027 में सोने की कीमत 1,46,000 से 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में रह सकती है। यानी मौजूदा कमजोरी के बावजूद संस्थानों को अगले साल कीमतों में सुधार की उम्मीद है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।