Warren Buffett: वॉरेन बफे को गोल्ड पर भरोसा क्यों नहीं? जानिए सोने में निवेश के बारे में उनकी क्या सलाह है

Warren Buffett Gold Investment: 2024 से 2026 की शुरुआत तक गोल्ड में शानदार तेजी ने निवेशकों को खूब कमाई का मौका दिया। लेकिन वॉरेन बफे इससे दूर रहे। अब सोने में गिरावट के बीच उनकी निवेश रणनीति फिर चर्चा में है। क्या निवेशकों को सतर्क रहना चाहिए?

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 6:30 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बफे के मुताबिक, सोने में निवेश करने वाले लोग इस उम्मीद में पैसा लगाते हैं कि आगे इसकी कीमत बढ़ेगी।

Warren Buffett Gold Investment: गोल्ड में 2024 से लेकर 2026 की शुरुआत तक जोरदार तेजी दिखी। बहुत से निवेशकों ने इसका फायदा उठाया। लेकिन, दिग्गज इनवेस्टर वॉरेन बफे ने गोल्ड से दूरी बनाए रखी। उस वक्त कई लोगों को लगा कि कहीं बफे गोल्ड से दूर रहकर अपना नुकसान तो नहीं कर रहे।

लेकिन, अब एक बार फिर गोल्ड में गिरावट का रुख है। फंड्सइंडिया रिसर्च के मुताबिक, इस साल 31 अक्टूबर तक सोने में सालाना आधार पर 25% की गिरावट देखने को मिली। 1980 से अब तक के ऐतिहासिक आंकड़ों को देखें, तो यह सोने में आई सबसे बड़ी गिरावटों में से एक है।

ब्रोकरेज फर्म नोमुरा का मानना है कि सोना गिरकर 3500 डॉलर तक आ सकता है। यह मौजूदा स्तर से करीब 5% की गिरावट होगी।


ऐसे में वॉरेन बफे की सलाह फिर से प्रासंगिक होती दिख रही है कि गोल्ड में निवेश करते वक्त सावधान रहना चाहिए। आइए जानते हैं कि बफे की सोने को लेकर ऐसी राय क्यों थी।

गोल्ड को लेकर बफे की क्या राय है?

दुनियाभर के बहुत से निवेशक बेश गोल्ड में निवेश पसंद करते हैं। महंगाई बढ़े या बाजार में हलचल हो, सोने को इनसे बचाव का अच्छा साधन माना जाता है। लेकिन दुनिया के बड़े निवेशकों में शामिल वॉरेन बफे की सोच अलग है। उन्हें सोने के बजाय ऐसी कंपनियों में निवेश करना पसंद है, जो लगातार कमाई करती हैं।

यही वजह है कि उन्होंने एपल, कोका-कोला और अमेरिकन बैंक जैसी कंपनियों में पैसा लगाया और उनसे भारी मुनाफा भी कमाया। मगर सोने से काफी हद तक दूरी बनाकर रखी।

सोने में निवेश से बफे को क्या दिक्कत है?

बफे की सोच काफी सीधी है। सोना अपने मालिक के लिए कमाई नहीं करता। इसे रखने पर न ब्याज मिलता है और न डिविडेंड। सोना किसी कंपनी की तरह कारोबार भी नहीं करता। न ही इससे कोई नया प्रोडक्ट बनता है।

बफे के मुताबिक, सोने में निवेश करने वाले लोग इस उम्मीद में पैसा लगाते हैं कि आगे इसकी कीमत बढ़ेगी। यानी कमाई के लिए उन्हें किसी दूसरे निवेशक का इंतजार करना पड़ता है, जो सोना ज्यादा कीमत पर खरीदने को तैयार हो।

इसके उलट, कंपनियां कारोबार करती हैं। मुनाफा कमाती हैं। अपने बिजनेस को बढ़ाती हैं। उनका कहना है कि खेती की जमीन भी फसल पैदा करती है। इसलिए बफे को ऐसे निवेश ज्यादा पसंद हैं, जो लगातार कुछ पैदा करते रहें।

सोने की कीमत बढ़ने से ही मिलता है रिटर्न

बफे का मानना है कि सोना लंबे समय तक रखने से अपने आप कोई कमाई नहीं होती। निवेशक को फायदा तभी मिलता है, जब बाजार में इसकी कीमत बढ़ती है। और वो भी कोई गारंटी नहीं है कि कब बढ़ेगा। मतलब अगर कोई कंपनी अच्छा प्रदर्शन कर रही है, तो जाहिर तौर पर उसके शेयरों में तेजी दिखेगी। लेकिन, गोल्ड के साथ ऐसा नहीं है। उसे ज्यादातर महंगाई और वैश्विक हालात पर निर्भर रहना पड़ता है।

यही वजह है कि बफे सोने को उत्पादक निवेश नहीं मानते। उनके मुताबिक, निवेश का मतलब सिर्फ किसी चीज को खरीदकर रख लेना नहीं है। बल्कि ऐसी संपत्ति चुनना है, जो समय के साथ आपकी कमाई बढ़ाए।

निवेशकों को क्या सलाह देते हैं बफे?

बफे की सलाह है कि निवेश करते समय कारोबार की ताकत और उसकी कमाई पर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ इस उम्मीद में पैसा नहीं लगाना चाहिए कि भविष्य में कोई दूसरा व्यक्ति उस संपत्ति को ज्यादा कीमत पर खरीद लेगा।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि सोना किसी काम का नहीं है। सोना पोर्टफोलियो में विविधता और आर्थिक अनिश्चितता के समय सुरक्षा दे सकता है। बफे की सोच बस इतनी है कि लंबी अवधि में कमाई करने वाली संपत्ति को प्राथमिकता दी जाए।

SIP Calculator: हर महीने ₹500 बचाकर भी बन सकते हैं लखपति, समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।