SIP Calculator: हर महीने ₹500 बचाकर भी बन सकते हैं लखपति, समझिए पूरा कैलकुलेशन

SIP Calculator: हर महीने ₹500 की SIP से ₹1 लाख का फंड बनाने में कितने साल लगेंगे? 10%, 12% और 15% सालाना रिटर्न पर कैलकुलेशन में कितना फर्क आता है? जानिए कितनी रकम आपकी जेब से जाएगी और कंपाउंडिंग से कितना पैसा जुड़ेगा।

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 3:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अगर सालाना औसतन 10% रिटर्न मिलता है, तो करीब 9 साल 11 महीने में आपका फंड ₹1 लाख के पार पहुंच सकता है।

SIP Calculator: हर महीने ₹500 बचाना बहुत बड़ी बात नहीं लगती। कई बार इतनी रकम छोटे-मोटे खर्चों में निकल जाती है। लेकिन अगर इसी रकम को हर महीने निवेश किया जाए, तो समय के साथ एक अच्छा फंड तैयार हो सकता है। म्यूचुअल फंड की SIP इसी तरह छोटी रकम से निवेश शुरू करने का मौका देती है।

अब सवाल है कि अगर हर महीने सिर्फ ₹500 की SIP करें, तो ₹1 लाख का फंड बनाने में कितना समय लगेगा? जवाब मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करेगा। म्यूचुअल फंड SIP ने लंबी अवधि में औसतन 12% रिटर्न दिया है। हालांकि, मार्केट के हिसाब से यह कम या फिर ज्यादा भी हो सकता है।

सालाना अनुमानित रिटर्न
₹1 लाख बनने में समय कुल निवेश अनुमानित रिटर्न
10% 9 साल 11 महीने ₹59,500 ₹41,580
12% 9 साल 3 महीने ₹55,500 ₹45,384
15% 8 साल 5 महीने ₹50,500 ₹49,768

₹500 की SIP से ₹1 लाख बनाने का कैलकुलेशन


अगर आप हर महीने ₹500 निवेश करते हैं और सालाना औसतन 10% रिटर्न मिलता है, तो करीब 9 साल 11 महीने में आपका फंड ₹1 लाख के पार पहुंच सकता है। इस दौरान आप अपनी जेब से कुल ₹59,500 निवेश करेंगे। बाकी करीब ₹41,580 का हिस्सा अनुमानित रिटर्न से बनेगा।

वहीं, अगर सालाना रिटर्न 12% रहता है, तो यह लक्ष्य करीब 9 साल 3 महीने में पूरा हो सकता है। इस अवधि में आपका कुल निवेश ₹55,500 होगा। अनुमानित रिटर्न करीब ₹45,384 रहेगा।

अब 15% सालाना रिटर्न की स्थिति समझते हैं। इसमें ₹1 लाख का फंड करीब 8 साल 5 महीने में बन सकता है। तब तक आप कुल ₹50,500 निवेश करेंगे। बाकी करीब ₹49,768 का हिस्सा रिटर्न से आएगा।

छोटी रकम से भी बन सकता है बड़ा फंड

इस कैलकुलेशन से एक बात समझ आती है। निवेश की रकम छोटी हो, तब भी नियमित निवेश से अच्छा फंड बनाया जा सकता है। यहां ₹500 की SIP से ₹1 लाख का लक्ष्य हासिल करने में करीब 8 से 10 साल लग रहे हैं। रिटर्न जितना ज्यादा होगा, लक्ष्य उतनी जल्दी पूरा हो सकता है।

सबसे अहम बात यह है कि SIP में नियमितता जरूरी है। शुरुआत ₹500 से कर सकते हैं। आमदनी बढ़ने पर निवेश की रकम भी बढ़ाई जा सकती है। इस तरह समय के साथ बड़ा फंड बनाने की संभावना बेहतर हो सकती है।

SCSS vs SBI FD: ₹10 लाख से ₹30 लाख का निवेश, 5 साल में कहां मिलेगा ज्यादा ब्याज? समझिए पूरा कैलकुलेशन

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।