अगर आपने लोन लेकर कार खरीदी है और अब आप उसे बेचना चाहते हैं, तो हो सकता है कि आप दो स्थिति में हों- या तो आपने लोन चुका दिया है या अभी भी लोन भर रहे हैं।
अगर आप अपने कार का लोन अभी तक भर रहे हैं तो आपको तुरंत कार बेचने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। सबसे पहले आपको अपने कार लोन को ट्रांसफर करने के बारे में सोचना होगा।
लोन चुकाने के दौरान अगर आप कार बेच रहे हैं तो जाहिर है आपको कार लोन भी ट्रांसफर करना होगा। ऐसे में आपको इन प्रक्रियाओं से गुजरना होगा और कुछ बातों का ध्यान रखना होगा।
अपना लोन एग्रीमेंट चेक करें
पहले चेक करें कि आप अपना लोन किसी और को ट्रांसफर कर सकते हैं या नहीं। इसके बारे में अपने बैंक से जानकारी लें। अगर आपका बैंक कहता है कि लोन ट्रांसफरेबल नहीं है तो आपको इसे ट्रांसफर कराने में पापड़ बेलने पड़ सकते हैं।
खरीदने वाले की क्रेडिबिलिटी देख लें
ये बहुत जरूरी है कि आप जिसे लोन ट्रांसफर कर रहे हों, वो विश्वसनीय हो। बैंक किसी को लोन ट्रांसफर तभी करने देते हैं, जब बायर का क्रेडिट स्कोर अच्छा हो और संभावनाएं हों कि वो लोन चुका देगा।
साथ ही ये आपके लिए भी काफी जरूरी है कि आप सही खरीददार चुनें क्योंकि पहली बात तो ये कि आप लोन के साथ कार बेच रहे हैं तो आपके कार की कीमत वैसे ही घट जाएगी। ऐसे में ऐसे विश्वसनीय खरीददार को ही अपनी कार बेचें जो आपको सही कीमत तो दे ही, उस पर भविष्य में लोन भी चुकाने का भरोसा हो।
कार रजिस्ट्रेशन बदलें
लोन ट्रांसफर कराते वक्त आपको रजिस्ट्रेशन भी उसी व्यक्ति के नाम पर कराना होगा। कार का रजिस्ट्रेशन खरीददार के नाम पर होने पर ही बैंक उसे लोन ट्रांसफर करेगा। इसके लिए आपको ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इंश्योरेंस पॉलिसी बदलें
लोन ट्रांसफर करने से पहले आपको इंश्योरेंस प्रोवाइडर की सहमति भी लेनी होगी। आपको इसके पहले इंश्योरेंस पॉलिसी में बदलाव भी कराने होंगे, ताकि आपको कार बेच देने के बाद भी प्रीमियम न भरना पड़े। कार बेचने के बाद खरीदने वाले को उसके प्रीमियम का खर्चा उठाना पड़ेगा।
फीस की जानकारी ले लें
बैंक लोन ट्रांसफर करने की फीस लेते हैं। आपके बचे हुए लोन और टेन्योर के आधार पर बैंक फीस चार्ज करते हैं तो ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू करने के पहले चार्ज वगैरह से जुड़ी जानकारी पता कर लें।
