Missing A Home Loan EMI: अक्सर आपके मन में ख्याल आता होगा कि, होम लोन की EMI मिस हो जाएगी तो क्या होगा? असल में ऐसा होना आमतौर पर लापरवाही नहीं, बल्कि अचानक आए वित्तीय संकट जैसे सैलरी में देरी या मेडिकल इमरजेंसी की वजह से होता है। ऐसे में मन में सबसे बड़ा डर यह होता है कि क्या बैंक मुझे 'डिफॉल्टर' घोषित कर देगा या मेरा क्रेडिट स्कोर (CIBIL) खराब हो जाएगा। हालांकि, हकीकत यह है कि एक ईएमआई मिस होना कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन इसे नजरअंदाज करना भविष्य में भारी पड़ सकता है।
जैसे ही ईएमआई की तारीख निकलती है, बैंक के सिस्टम में आपका लोन अकाउंट 'ओवरड्यू' के रूप में मार्क हो जाता है। शुरुआत में आपको ऑटोमेटेड मैसेज और ईमेल आएंगे। कुछ दिनों बाद बैंक की कलेक्शन टीम का फोन आ सकता है। इसके लिए बैंक आपसे लेट पेमेंट फीस या दंडात्मक ब्याज वसूलता है। यह राशि बहुत ज्यादा नहीं होती, लेकिन देरी होने पर यह बढ़ती जाती है। इस दौरान बैंक के फोन कॉल को नजरअंदाज न करें। उन्हें स्पष्ट बताएं कि देरी क्यों हुई और आप कब तक भुगतान करेंगे। बैंक सिर्फ यह जानना चाहता है कि यह एक गलती है या आपके पास पैसे की भारी कमी है।
क्रेडिट स्कोर पर कब पड़ता है असर?
ज्यादातर लोग सोचते हैं कि एक दिन की देरी से भी CIBIL स्कोर गिर जाएगा, पर ऐसा नहीं है। बैंक आमतौर पर तब तक क्रेडिट ब्यूरो को रिपोर्ट नहीं करते जब तक कि देरी 30 दिनों से ज्यादा न हो जाए। अगर आप महीने के खत्म होने से पहले भुगतान कर देते हैं, तो अक्सर क्रेडिट स्कोर पर कोई असर नहीं पड़ता। एक बार की गलती को बैंक और क्रेडिट ब्यूरो एक 'दाग' की तरह देखते है, लेकिन अगर यह बार-बार होने लगे, तो आपका स्कोर तेजी से गिर सकता है।
क्या बैंक घर कब्जा कर सकता है?
एक ईएमआई मिस होने पर रिकवरी एजेंट या कानूनी नोटिस जैसी स्थिति नहीं आती। रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार, होम लोन तब तक NPA घोषित नहीं होता जब तक कि लगातार 90 दिनों तक भुगतान न रुका हो। कानूनी कार्रवाई या घर के कब्जे की नौबत कई महीनों तक लगातार डिफॉल्ट करने और कई औपचारिक नोटिसों के बाद ही आती है। एक ईएमआई मिस होने पर आपके लोन की शर्तें या ब्याज दर भी नहीं बदलती।
क्या करें अगर ईएमआई मिस हो जाए?
अगर आपसे ईएमआई छूट गई है, तो बैंक को फोन कर सूचित करें। आपकी ईमानदारी बैंक के साथ आपके संबंधों को मजबूत करती है। देखें कि गलती तकनीकी थी जैसे ऑटो-डेबिट फेल होना या वित्तीय। उसे आगे के लिए ठीक करें और जल्द से जल्द पैसे का इंतजाम कर, पेनाल्टी के साथ भुगतान कर दें। होम लोन की एक ईएमआई मिस होना कोई बड़ी डील नहीं है, बल्कि एक चेतावनी है। अगर आप इसे तुरंत सुधार करते हैं, तो नुकसान बहुत कम होता है। बैंक भी आपकी मजबूरी समझते हैं, बस जरूरी है कि आप उनसे संवाद बनाए रखें।