इमरजेंसी फंड को 'स्वीप-इन एफडी' में ट्रांसफर करने जा रहे हैं? रुकिए, पहले जान लीजिए इसके नफा-नुकसान

अपडेटेड Jun 11, 2026 पर 5:03 PM
स्वीप-इन एक ऐसी ऑटोमैटिक सुविधा है जो आपके सेविंग्स अकाउंट को फिक्स्ड डिपॉजिट से जोड़ देती है

Emergency Fund To Sweep In FD: मुसीबत के समय काम आने वाले फंड यानी इमरजेंसी फंड का एक ही सबसे बड़ा नियम होता है जब आपको जरूरत हो, यह पैसा तुरंत आपके हाथ में होना चाहिए। यह बात सुनने में जितनी आसान लगती है, लोग अक्सर उतने ही उलझन में रहते हैं कि इस पैसे को रखें कहां?

अगर आप इसे साधारण सेविंग्स अकाउंट में छोड़ देते हैं, तो पैसा हमेशा उपलब्ध तो रहता है, लेकिन ब्याज बहुत कम मिलता है। वहीं, अगर आप इसकी नॉर्मल फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) करा देते हैं, तो ब्याज तो अच्छा मिलता है, लेकिन इमरजेंसी में इसे तुरंत निकालना मुश्किल या खर्चीला हो सकता है।

इसी उलझन को दूर करने के लिए बैंक अक्सर स्वीप-इन एफडी (Sweep-in FD) का विकल्प देते हैं। लेकिन अपना इमरजेंसी फंड इसमें ट्रांसफर करने से पहले इसके काम करने का तरीका और बारीकियां समझना बेहद जरूरी है।


आखिर क्या होती है 'स्वीप-इन एफडी'?

स्वीप-इन एक ऐसी ऑटोमैटिक सुविधा है जो आपके सेविंग्स अकाउंट को फिक्स्ड डिपॉजिट से जोड़ देती है। इसके तहत आपके सेविंग्स अकाउंट में एक तय सीमा से ज्यादा जो भी रकम होती है, बैंक उसे अपने आप एफडी में बदल देता है।

मान लीजिए आपने अपने सेविंग्स अकाउंट में मिनिमम बैलेंस की सीमा ₹50000 तय की है। अब जैसे ही आपके खाते में ₹80000 होंगे, तो अतिरिक्त ₹30000 अपने आप एफडी में ट्रांसफर हो जाएंगे।

जब भी आपको पैसों की जरूरत होगी और आप चेक या एटीएम के जरिए पैसे निकालेंगे, तो बैंक ऑटोमैटिक तरीके से उस एफडी को तोड़कर पैसा वापस आपके सेविंग्स अकाउंट में क्रेडिट कर देगा। ग्राहक के लिए यह पूरी प्रक्रिया पर्दे के पीछे और बेहद आसान तरीके से होती है।

इमरजेंसी फंड रखने वालों को क्यों पसंद आता है यह ऑप्शन?

इमरजेंसी फंड के साथ सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि यह पैसा सालों-साल खाते में बिना छुए पड़ा रहता है। हालांकि, इमरजेंसी फंड का काम ही यही है, लेकिन कई लोगों को यह देखकर अच्छा नहीं लगता कि एक बड़ी रकम बेहद कम ब्याज वाले सेविंग्स अकाउंट में बेकार पड़ी है।

स्वीप-इन सुविधा इसी चिंता को दूर करती है। इसके जरिए आपके इमरजेंसी फंड का एक बड़ा हिस्सा एफडी के ऊंचे ब्याज दर पर कमाई करता है और साथ ही वह जरूरत के समय आसानी से उपलब्ध भी रहता है। अगर आपके पास 6 से 12 महीने के खर्च के बराबर इमरजेंसी रिजर्व है, तो साधारण खाते और स्वीप-इन एफडी के ब्याज का अंतर समय के साथ काफी बड़ा हो जाता है।

मुनाफे से कहीं ज्यादा जरूरी है लिक्विडिटी

यहीं पर आकर कई लोग गलती कर बैठते हैं और ज्यादा ब्याज के लालच में आ जाते हैं। आपको यह हमेशा याद रखना चाहिए कि इमरजेंसी फंड का मकसद रिटर्न को अधिकतम करना नहीं, बल्कि मुश्किल समय में तुरंत पैसा मिलना है।

मेडिकल इमरजेंसी, अचानक नौकरी जाना या परिवार में कोई अप्रत्याशित खर्च कभी भी बताकर नहीं आते। भले ही स्वीप-इन डिपॉजिट लिक्विड माने जाते हैं, लेकिन अलग-अलग बैंकों में इसे निकालने की स्पीड और नियम अलग हो सकते हैं। कुछ बैंकों में यह तुरंत काम करता है, जबकि कुछ बैंकों में न्यूनतम डिपॉजिट साइज या विड्रॉल से जुड़े कुछ खास नियम और शर्तें हो सकती हैं। इसलिए बैंक की शर्तों को पहले ही ठीक से समझ लें।

लेयर्ड अप्रोच है सबसे बेस्ट तरीका

इमरजेंसी फंड को किसी एक ही जगह रखने के बजाय 'लेयर्ड अप्रोच' अपनाना सबसे व्यावहारिक तरीका है। इसके तहत आप अपने फंड को दो हिस्सों में बांट सकते हैं:

पहला हिस्सा (बेसिक सेविंग्स अकाउंट): अपने कुल इमरजेंसी फंड में से 1 या 2 महीने के खर्च के बराबर की रकम पूरी तरह से सेविंग्स अकाउंट में रखें ताकि जरूरत पड़ने पर एक सेकंड में उसका इस्तेमाल हो सके।

दूसरा हिस्सा (स्वीप-इन एफडी): बाकी बचे 4 से 5 महीने के खर्च की रकम को आप स्वीप-इन एफडी में डाल सकते हैं, ताकि उस पर थोड़ा बेहतर रिटर्न भी मिलता रहे।

अपनी इनकम की स्थिरता को देखकर लें फैसला

आपकी नौकरी या बिजनेस की स्थिति कैसी है, इस फैसले में उसकी बड़ी भूमिका होनी चाहिए:

सैलरीड प्रोफेशनल्स: अगर आपके पास एक स्थिर सरकारी या कॉर्पोरेट नौकरी है, घर में एक से ज्यादा कमाने वाले हैं और कर्ज कम है, तो आप अपने इमरजेंसी फंड का एक बड़ा हिस्सा स्वीप-इन में डाल सकते हैं।

फ्रीलांसर या बिजनेस ओनर: अगर आप फ्रीलांसर हैं या आपका खुद का बिजनेस है, जहां हर महीने होने वाली कमाई निश्चित नहीं होती, तो आपके लिए कैश की अहमियत ज्यादा है। आपकी इनकम जितनी अनिश्चित होगी, आपके लिए पैसे की तुरंत उपलब्धता उतनी ही जरूरी होनी चाहिए।

काम की बात: इमरजेंसी फंड के पैसों पर बहुत ज्यादा ऑप्टिमाइजेशन यानी अधिक रिटर्न की चाहत करने की भूल न करें। कई लोग इसके लिए डेट फंड या आर्बिट्रेज फंड जैसे शॉर्ट-टर्म इन्वेस्टमेंट टूल की तुलना करने लगते हैं, जो सही नहीं है। इमरजेंसी मनी निवेश के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षा के लिए होती है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।