Bharat Bond ETF: स्कीम की चौथी किश्त खुली, जानिए आप कैसे कर सकते हैं इनवेस्ट

Bharat Bond ETF – April 2033 भारत बॉन्ड ईटीएफ की इस सीरीज में आपका किया गया निवेश अप्रैल 2033 में मैच्योर हो जाएगा। एडलवाइज MF ने कहा है कि इसका यील्ड-टू-मैच्योरिटी 7.5 फीसदी है

अपडेटेड Dec 02, 2022 पर 12:22 PM
एडलवाइज एमएफ सरकार की तरफ से इस ईटीएफ की डिजाइनिंग और मैनेजमेंट करता है।

Bharat Bond ETF – April 2033: भारत बॉन्ड ईटीएफ की चौथी किश्त (Fourth Tranche of Bharat bond etf) 2 दिसंबर को खुल गई है। ETF का यह नया फंड ऑफर सिर्फ AAA-रेटिंग वाले कॉर्पोरेट बॉन्ड्स में इनवेस्ट करता है। ये बॉन्ड सरकारी कंपनियों (Government Companies) के होते हैं। इनवेस्टर्स इस ईटीएफ में 8 दिसंबर तक इनवेस्ट कर सकते हैं। Edelweiss Mutual Fund इस ईटीएफ को मैनेज कर रहा है। भारत बॉन्ड ईटीएफ की पहली किस्त 2019 के आखिर में आई थी।

10 अरब रुपये जुटाने का टारगेट

एडलवाइज म्यूचुअल फंड ने भारत बॉन्ड ईटीएफ की इस किस्त से कम से कम 10 अरब रुपये जुटाने का टारगेट रखा है। इसके साथ अतिरिक्त 40 अरब रुपये का ग्रीनशू ऑप्शन भी है। इसका मतलब है कि अगर इस इश्यू को ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिलता है तो एडेलवाइज म्यूचुअल फंड उसे स्वीकार करेगी।


यह भी पढ़ें : तीन बैंकों ने बढ़ाया MCLR, बढ़ जाएगी आपके घर, कार और पर्सनल लोन की EMI

2033 में मैच्योर होगा 

भारत बॉन्ड ईटीएफ की इस सीरीज में आपका किया गया निवेश अप्रैल 2033 में मैच्योर हो जाएगा। एडलवाइज एमएफ ने कहा है कि इसका यील्ड-टू-मैच्योरिटी 7.5 फीसदी है। इस ईटीएफ के पोर्टफोलियो में नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट, पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन और एनटीपीसी के बॉन्ड भी शामिल होंगे।

पिछली तीन किस्तों का रिटर्न 2-4 फीसदी के बीच

एडलवाइज एमएफ सरकार की तरफ से इस ईटीएफ की डिजाइनिंग और मैनेजमेंट करता है। इससे पहले भारत बॉन्ड ईटीएफ की तीन किस्तें आ चुकी हैं। तीनाों का कंबाइंड एसेट अंडर मैनेजमेंट 500 अरब रुपये से ज्यादा है। पिछले एक साल में इन ईटीएफ का रिटर्न 2 से 4 फीसदी (30 नवंबर तक) के बीच रहा है। फंड मैनेजर्स ने कहा है कि इस साल डेट स्कीमों के रिटर्न पर RBI के लगातार इंटरेस्ट रेट बढ़ाने का असर पड़ा है।

कैसे करें निवेश?

भारत बॉन्ड ETF में आपको कम से कम 1,001 रुपये निवेश करना होगा। यह शर्त रिटेल इनवेस्टर के लिए है। संस्थागत निवेशक को कम से कम 2,00,001 रुपये का निवेश इसमें करना होगा। इसमें निवेश करने के लिए ट्रेडिंग और डीमैट अकाउंट होना जरूरी है। इसके लिए आपको अपने ब्रोकर के जरिए अप्लाई करना होगा। आप चाहें तो एडलवाइज म्यूचुअल फंड की वेबसाइट के जरिए भी इनवेस्ट कर सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।