केरल और महाराष्ट्र में केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए त्योहारी सौगात सरकार ने दी है। केंद्र ने ओणम और गणेश चतुर्थी त्योहारों के कारण उनके वेतन और पेंशन को एडवांस में जारी करने का फैसला किया है। 14 अगस्त 2023 को एक ऑफिस मेमोरेंडम में वित्त मंत्रालय ने कहा कि ओणम और गणपति उत्सव के कारण केंद्र सरकार ने फैसला लिया है कि राज्य के सभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों का वेतन या मजदूरी या पेंशन अगस्त 2023 महीने के लिए केरल और सितंबर 2023 महीने के लिए महाराष्ट्र राज्य में दी जाए।
केरल और महाराष्ट्र में कर्मचारियों को मिलेगा पैसा
ओणम को देखते हुए केरल में केंद्र सरकार के कर्मचारियों का अगस्त का वेतन 25 अगस्त 2023 को दे सकती है। केरल में सभी केंद्र सरकार के पेंशनर्स की पेंशन भी इस तिथि पर बैंकों या पीएओ के जरिये दे दी जाएगी। महाराष्ट्र में केंद्र सरकार के कर्मचारियों का सितंबर का वेतन 27 सितंबर 2023 को निकाला जा सकता है। महाराष्ट्र में सभी केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों की पेंशन भी इस तिथि पर बैंकों या पीएओ के जरिये दी जाएगी। वित्त मंत्रालय ने कहा कि केरल और महाराष्ट्र राज्यों में केंद्र सरकार के औद्योगिक कर्मचारियों का वेतन भी ऊपर दी गई तारीखों के अनुसार एडवांस दिया जा सकता है।
केरल सरकार के कर्मचारियों को ओणम के लिए बोनस के रूप में मिलेंगे 4,000 रुपये
केरल सरकार ने ओणम के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए 4,000 रुपये के बोनस की घोषणा की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राज्य सरकार के जारी एक बयान के अनुसार जो सरकारी कर्मचारी बोनस के लिए पात्र नहीं हैं, उन्हें 2,750 रुपये का स्पेशल फेस्टिवल भत्ता मिलेगा। पेंशनर्स और अंशदायी पेंशन योजना के तहत रिटायर हुए कर्मचारियों को 1,000 रुपये का स्पेशल त्योहार भत्ता मिलेगा। कर्मचारियों को जिन्हें पिछले साल बोनस मिला था, इस साल उसी दर पर बोनस मिलेगा। केरल के वित्त मंत्री केएन बालगोपाल ने कहा कि ओणम के अवसर पर सरकारी सेक्टर में काम करने वाले 13 लाख से अधिक कर्मचारियों और मजदूरों को विशेष सहायता और लाभ मिलेगा।