दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) को देश की राजधानी की लाइफ लाइन भी कहा जाता है। हर रोज लाखों की तादाद में यात्री दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं। जिस वजह से टोकन लेने के लिए कई बार लंबी लाइनों में भी लगना पड़ता है। लेकिन अब जल्द ही इस दिक्कत से छुटकारा मिलने जा रहा है। दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्री अब सभी लाइनों पर क्यूआर कोड बेस्ड पेपर टिकट भी खरीद सकते हैं। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने खुद इस बारे में जानाकारी दी है।
दिल्ली मेट्रो में मिलेगा क्यूआर वाला टिकट
दिल्ली मेट्रो के एक सीनियर अधिकारी ने कहा है कि क्यूआर टिकट सिस्टम के जरिए धीरे-धीरे मौजूदा टोकन सिस्टम को खत्म किया जाएगा। फिलहाल यात्री स्टेशन काउंटर पर टोकन और क्यूआर कोड बेस्ड पेपर टिकट दोनों ही खरीद सकते हैं। हालांकि इसमें एक दिक्त यह है कि इसमें आप बीच के किसी स्टेशन पर उतर कर बाहर नहीं जा सकेंगे। अगर आपको बीच के किसी स्टेशन से बाहर जाना है तो आपको फ्री पास टिकट लेना होगा। इसके लिए आपसे कोई भी पैसा नहीं लिया जाएगा।
हर स्टेशन पर लगाई जाएगी दो मशीनें
DMRC ने हर एक मेट्रो स्टेशन पर क्यूआर कोड वाले टिकट के लिए 2 ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन (AFC) मशीनों को लगाया है। एक मशीन इंट्री पर और एक एग्जिट पर लगाई गई है। क्यूआर वाले टिकट से उसी स्टेशन से इंट्री की जा सकेगी जहां से इसे जारी किया गया है। टिकट जारी होने के 60 मिनट के अंदर ही स्टेशन पर इंट्री करनी होगी। वरना यह टिकट इनवैलिड हो जाएगा। ये क्यूआर कोड एएफसी गेट पर ही लगा होगा जिसे फोन से स्कैन करके पेपर टिकट लिया जा सकेगा।
नहीं दिखा सकेंगे टिकट का फोटो
हालांकि इस क्यूआर पेपर टिकट की मोबाइल से क्लिक की गई फोटो या फिर फोटो कॉपी मान्य नहीं होगी। ऐसे यात्रियों का टिकट मान्य नहीं होगा। यह एक पारदर्शी और कैशलेस तरीका है। दिल्ली मेट्रो मई के आखिर तक मोबाइल बेस्ड क्यूआर टिकट को शुरू करने की प्लीनिंग भी कर रही है। यह सिस्टम फिलहाल एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर अवेलबल है।