देश में डिजिटल पेमेंट का चलन काफी तेजी से बढ़ा है। लोग एक दूसरे को पैसा भेजने के लिए, पेमेंट करने के लिए, शॉपिंग करने के लिए और इस तरह की कई सारी सर्विस के लिए डिजिटल तरीके से ही भुगतान किया जाता है। इसी कड़ी में अब वॉट्सऐप (Whatsapp) के जरिए अब बिजली का बिल भुगतान करने की सर्विस को भी शुरू कर दिया गया है। इस सुविधा से अब लोगों को काफी सहूलियत भी मिलेगी। इससे पहले लोगों को बिजली का बिल भरने के लिए ऑफिस के बाहल लंबी लाइनों में लगना पड़ता था। लेकिन अब आप सीधे वॉट्सऐप के जरिए भी अपना बिजली बिल भर पाएंगे।
वॉट्सऐप से भर पाएंगे बिजली का बिल
वॉट्सऐप के जरिए बिजली का बिल भरने की यह सुविधा मध्य प्रदेश में शुरू की गई है। मध्य प्रदेश की विद्युत वितरण कंपनी ने बताया है कि इस सुविधा के शुरू होने से ग्राहकों को बिल का भुगतान करने में भी काफी आसानी होगी। आइये अब ये भी जान लेते हैं कि आप वॉट्सऐप के जरिए अपना बिजली का बिल कैसे जमा कर सकते हैं।
वॉट्सऐप के जरिए ऐसे भर पाएंगे बिजली का बिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी ने यह जानकारी दी है कि बिजली बिल के पेमेंट के डिजिटल जरियों को आगे बढ़ाते हुए सुविधाजनक और सुरक्षित भुगतान की दिशा में यह कदम उठाया गया है। अब लोग वॉट्सऐप के जरिए भी अपना बिल भर पाएंगे। लोग वॉट्सएप-पे पेमेंट फीचर के जरिए आसानी से घर बैठे ही अपने बिजली के बिल का भुगतान कर सकेंगे। कंज्यूमर अपने मौजूदा वॉट्सऐप अकाउंट का उपयोग करके आप इसे अपने बैंक अकाउंट से जोड़ सकते हैं। वहीं जिन उपभोक्ताओं के पास वॉट्सऐप-पे की सुविधा नहीं है वे गूगल पे, फोनपे या फिर पेटीएम जैसे यूपीआई ऐप के जरिए भी अपने बिजली का बिल जमा कर सकेंगे।
वॉट्सऐप के जरिए बिजली का बिल भरने के लिए आपको किसी भी तरह का कोई रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है। आपको केवल एक टोल फ्री नंबर 07552551222 को सेव करके इस पर चैट को शुरू करना होगा। इसके बाद आपको व्यू एंड पे बिल ऑप्शन का इस्तेमाल करते हुए पेमेंट को पूरा करने के लिए एक गाइडलाइन मिलेगी। पेमेंट पूरा हो जाने के बाद आपको इसका वेरिफिकेशन मैसेज भी आ जाएगा।