EPFO ने हफ्ते भर बाद बहाल की ऑनलाइन पासबुक की सुविधा, जानें वेबसाइट से कैसे देख पाएंगे EPF पासबुक

EPFO ने हफ्ते भर बाद अपनी ऑनलाइन पासबुक सर्विस को एक बार फिर से बहाल कर दिया है। 18 जनवरी को EPFO द्वारा इसकी वेबसाइट और उमंग ऐप दोनों ही जगहों पर ऑनलाइन पासबुक की सर्विस को बहाल कर दिया गया था। फिलहाल यह सुविधा सही तरह से काम कर रही है

अपडेटेड Jan 20, 2023 पर 3:00 PM
EPFO ने हफ्ते भर बाद अपनी ऑनलाइन पासबुक सर्विस को एक बार फिर से बहाल कर दिया है

EPFO ने अपने सदस्यों के लिए ऑनलाइन पासबुक की सर्विस को एक बार फिर से बहाल कर दिया है। दरअसल टेक्निकल खराबी के चलते ईपीएफओ की पासबुक सुविधा ने काम करना बंद कर दिया था। एक हफ्ते के अंतराल के बाद अब ईपीएफओ ने ऑनलाइन पासबुक की सुविधा को फिर से शुरू कर दिया है। 12 जनवरी को जब कुछ यूजर्स ने ऑनलाइन ईपीएफ पासबुक को एक्सेस करने की कोशिश की थी तब उनको वेबसाइट पर एक मैसेज लिखा दिख रहा था, जिसमें कहा गया था कि असुविधा के लिए खेद है सेवा को शाम पांच बजे कर सही कर दिया जाएगा। हालांकि इसके बाद ऑनलाइन पासबुक सर्विस को 18 जनवरी के दिन बहाल किया गया था।

शुरू हो गई EPFO की ऑनलाइन पासबुक सर्विस

बता दें कि 18 जनवरी को EPFO द्वारा इसकी वेबसाइट और उमंग ऐप दोनों ही जगहों पर ऑनलाइन पासबुक की सर्विस को बहाल कर दिया गया था। फिलहाल यह सुविधा सही तरह से काम कर रही है। ईपीएफओ के सदस्य unifiedportal-mem.epdindia.gov.in और ई पासबुक पोर्टल passbook.epfindia.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पासबुक को एक्सेस कर सकते हैं। बता दें कि तकनीकि खराबी के चलते उमंग ऐप के जरिए भी पासबुक एक्सेस की सुविधा को बंद कर दिया गया था। पीएफ बैलेंस समेत इस तरह की कई जानकारियों के लिए हमें अपने पासबुक की जरूरत महसूस होती है।

मोदी सरकार की स्कीम में मिलती है 9,250 रुपये हर महीने पेंशन, ये है अप्लाई करने की अंतिम तिथि


टेक्निकल खराबी के चलते बंद कर दी गई थी सर्विस

टेक्वनिकल खराबी के चलते ईपीएफओ की पासबुक सुविधा को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था। ऑनलाइन तरीके से पासबुक एक्सेस न कर पाने के चलते कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए ईपीएफओ से इस बात की शिकायत भी की थी। ईपीएफओ की ई पासबुक सुविधा महीनेवार और सालाना हिसाब से ईपीएफ खाते में जमा रकम को दिखाती है। इसके जरिए नियोक्ता और कर्मचारी के हिस्से के साथ साथ ईपीएस के हिस्से को भी देखा जा सकता है। वहीं वित्तीय वर्ष के लिए क्रेडिट किया गया ब्याज भी इसमें शामिल होता है।

वेबसाइट पर ऐसे देख सकते हैं पासबुक

1) ऑनलाइन पासबुक के लिए आपको सबसे पहले https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/ और ई-पासबुक पोर्टल https://passbook.epfindia.gov.in पर जाना होगा।

2) कैप्चा के साथ यूएएन और पासवर्ड दर्ज करना होगा।

3) ईपीएफओ की वेबसाइट के मुताबिक यूनिफाइड मेंबर पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के 6 घंटे बाद पासबुक मिल जाएगी। पासबुक में वे प्रविष्टियां होंगी जिनका ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालयों में मिलान किया गया है। छूट प्राप्त प्रतिष्ठानों के सदस्यों/सेटल्ड सदस्यों/निष्क्रिय सदस्यों के लिए पासबुक सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।