Gold Prices Today: सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी पर शनिवार को ब्रेक लग गया है। भारतीय सर्राफा बाजार में सोने की कीमत आज घटी है। बजट पेश होने के ठीक एक दिन बाद सोने का भाव अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था। लेकिन अब शनिवार को घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। घरेलू सर्राफा बाजार में आज 4 फरवरी को सोने की कीमत 58,847 रुपये प्रति दस ग्राम पर रही। वहीं अगर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) की बात करें तो अप्रैल महीने के लिए सोने का वायदा भाव 2,300 रुपये की गिरावट के साथ 56,560 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ है।
इस वजह से गिरा सोने का भाव
बता दें कि यूएस फेड और यूरोपीय बैंकों द्वारा ब्याज दर में वृद्धि पर थोड़ा शांत रुख अपनाने और अमेरिकी डॉलर की दरों के 10 महीने के निचले स्तर से वापस आने के कारण सोने की कीमतों में तेज गिरावट आई है। भारतीय बाजार के साथ ही साथ इंटरनेशनल मार्केट में भी सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम में तेज गिरावट आई है। इंटरनेशनल मार्केट में सोने की हाजिर कीमत शुक्रवार को 1,864 प्रति औंस पर बंद हुई, जो साप्ताहिक नुकसान का करीब 3.23 प्रतिशत थी।
डॉलर की वजह से कम हुई सोने की कीमत
कमोडिटी बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार, यूएस फेड और अधिकांश यूरोपीय केंद्रीय बैंकों के ब्याज दर में वृद्धि पर उदार रुख ने डॉलर की मांग को आकर्षित किया है, जिससे 10 महीने के निचले स्तर से अमेरिकी डॉलर की दरों में उछाल देखने को मिला है। अमेरिकी डॉलर में इस वापसी ने सोने की कीमतों में तेजी को कम करने का काम किया है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का यह भी मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोने की कीमतों को 1,860 डॉलर के स्तर पर मजबूत सपोर्ट प्राप्त है। विशेषज्ञों ने कहा कि कीमती धातु को घरेलू बाजार में 56,500 के स्तर पर मजबूत सपोर्ट मिला है और इस सपोर्ट से 57,700 प्रति 10 ग्राम के स्तर तक उछाल की उम्मीद है, अमेरिकी डॉलर की मांग में गिरावट की उम्मीद है।
कमोडिटी बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार दिसंबर की तुलना में जनवरी में लोगों की कमाई दर में इजाफा देखने को मिला है। जिस वजह से महंगाई में थोड़ी नरमी आई है। श्रम बाजार के आंकड़ों ने डॉलर के इंडेक्स को मजबूत किया है और सोने की कीमतों में गिरावट को तेज किया है। केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी के कारण ग्लोबल इकोनॉमी पर दबाव बढ़ा है जिस वजह से सोने की कीमतों में तेजी आ सकती है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सोने की कीमतों 56,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और 1860 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर मजबूत सपोर्ट देखने को मिल रहा है, जिससे कीमतों में 57700 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी हो सकती है।