प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) ने अपने ग्राहकों की सुविधाओं में इजाफा करते हुए रूपे क्रेडिट कार्ड (RuPay Credit Card) के जरिए यूपीआई पेमेंट (UPI Payment) की सर्विस को शुरू कर दिया है। कोटक महिंद्रा बैंक और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बुधवार यानी 29 मई को ऐलान करते हुए कहा कि बैंक के ग्राहक अब यूपीआई ऐप्स पर अपने रूपे क्रेडिट कार्ड के सहारे पेमेंट कर सकेंगे। बैंक ने एक बयान में कहा, कोटक महिंद्रा बैंक के ग्राहक यूपीआई ऐप्स पर बिना किसी रुकावट के पेमेंट के लिए क्रेडिट कार्ड के ऑप्शन को सलेक्ट कर सकते हैं।
नहीं चाहिए होगा फिजिकल क्रेडिट कार्ड
बैंक कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) ने अपने ग्राहकों को सूचना देते हुए बताया कि कोटक रुपे क्रेडिट कार्ड के यूपीआई से जुड़ने से ग्राहकों को अपने फिजिकल क्रेडिट कार्ड को इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक कहीं भी क्यूआर कोड और पीओएस डिवाइस के साथ मर्चेंट आउटलेट्स पर यूपीआई ऐप से पेमेंट कर पाने में सक्षम होंगे।
कई मायनों में सेफ भी है यह सर्विस
रूपे क्रेडिट कार्ड के जरिए यूपीआई पेमेंट का यह इंटिग्रेशन ग्राहकों को कई सारे बेनिफिट भी देगा। साथ ही यह सुविधा कई मायनों में ग्राहकों को सेफ्टी भी देगी। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें ग्राहकों को अपना फिजिकल क्रेडिट कार्ड ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा रूपे क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ई-कॉमर्स लेन-देन के साथ ही साथ इन-स्टोर लेन-देन के लिए भी किया जा सकेगा।
इसके साथ ही यूजर्स को अपने RuPay क्रेडिट कार्ड पर UPI पेमेंट पर रिवॉर्ड भी हासिल कर सकेंगे। साथ ही इस पर इंटरेस्ट फ्री क्रेडिट भी हासिल किया जा सकता है। कोटक रुपे क्रेडिट कार्ड को वर्चुअल पेमेंट एड्रेस (वीपीए) यानी यूपीआई आईडी से जोड़ा जाएगा, जिससे सुरक्षित भुगतान लेनदेन सक्षम हो सकेगा। साथ ही इसे भीम यूपीआई (BHIM UPI), फोनपे, पेटीएम, गूगल पे, स्लाइस और मोबीक्विक पर लिंक भी किया जा सकेगा।