'टायर फटना दैवीय घटना नहीं, बल्कि मानवीय लापरवाही है', इंश्योरेंस कंपनी को करना होगा 1.25 करोड़ रुपये का भुगतान

बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुआवजे के खिलाफ एक बीमा कंपनी की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि टायर फटना दैवीय घटना (Act of God) नहीं, बल्कि मानवीय लापरवाही है। पीठ ने 17 फरवरी के अपने आदेश में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के 2016 के फैसले के खिलाफ न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की अपील खारिज कर दी। न्यायाधिकरण ने इस बीमा कंपनी को मकरंद पटवर्धन के परिवार को 1.25 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया था

अपडेटेड Mar 12, 2023 पर 7:44 PM
बॉम्बे HC ने अपने फैसले में कहा कि गाड़ी के टायर के फटने को ईश्वर का कार्य नहीं कहा जा सकता है

बॉम्बे हाई कोर्ट (Bombay High Court) ने मुआवजे के खिलाफ एक बीमा कंपनी (Assurance Company) की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि टायर फटना दैवीय घटना (Act of God) नहीं, बल्कि मानवीय लापरवाही है। जस्टिस एस जी डिगे की सिंगल पीठ ने 17 फरवरी के अपने आदेश में मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के 2016 के फैसले के खिलाफ न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (New India Assurance Company Limited) की अपील खारिज कर दी। न्यायाधिकरण ने इस बीमा कंपनी को मकरंद पटवर्धन के परिवार को 1.25 करोड़ रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया था।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मकरंद पटवर्धन 25 अक्टूबर 2010 को अपने दो सहयोगियों के साथ पुणे से मुंबई जा रहे थे। इस दौरान चालक की लापरवाही के कारण कार का पिछला पहिया फट गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 38 वर्षीय मकरंद पटवर्धन की मौके पर ही मौत हो गई थी।

न्यायाधिकरण ने अपने आदेश में कहा था कि मकरंद पटवर्धन परिवार में इकलौता कमाने वाला था। बीमा कंपनी ने अपील में मुआवजे की राशि को अत्यधिक बताया था और कहा था कि टायर फटने की घटना दैवीय थी, न कि चालक की लापरवाही थी।


हाई कोर्ट को बीमा कंपनी की दलील पसंद नहीं आई। कोर्ट ने कहा कि दैवीय घटना का तात्पर्य एक ऐसी अप्रत्याशित प्राकृतिक घटना होती है, जिसके लिए इनसान जिम्मेदार नहीं होता है। लेकिन, टायर के फटने को दैवीय घटना नहीं कहा जा सकता है। यह मानवीय लापरवाही है।

ये भी पढ़ें- Same-Sex Marriage: केंद्र ने समलैंगिक विवाह को मान्यता देने का किया विरोध, सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर बताई ये वजह

कार दुर्घटना में मारे गए शख्स के परिवार को मुआवजे के खिलाफ बीमा कंपनी की याचिका को खारिज करते हुए बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा कि टायर फटने के कई कारण हो सकते हैं। जैसे तापमान, तेज रफ्तार, कम हवा, ज्यादा हवा या सेकंड हैंड टायर भी इसके कारण हो सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।