PM Mudra Yojana: नया बिजनेस शुरू करने के लिए बिना गारंटी के 10 लाख रुपये का लोन दे रही है सरकार, जानिए कैसे करें अप्लाई

PM Mudra Yojana: पीएम मुद्रा लोन योजना के तहत 50,000 रुपये, 5 लाख रुपये और 10 लाख रुपये तक लोन मिलता है। अपनी जरूरत के हिसाब से अप्लाई करना होगा

अपडेटेड May 19, 2022 पर 10:40 AM
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 50,000 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है।

PM Mudra Yojana: कोरोना महामारी के बाद कई लोगों को अपने रोजगार से हाथ धोना पड़ा है। ऐस में देश में बेरोजगारी दर में इजाफा हुआ है। लिहाजा कई लोग आमदनी की तलाश में अपना खुद का बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहे हैं। अगर आप कोई बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के लोन हासिल कर सकते हैं। सरकार की इस योजना का मकसद स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इसमें आपसे लोन के लिए किसी प्रकार का प्रोसेसिंग चार्ज भी नहीं लिया जाता है।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत तीन प्रकार के लोन दिए जाते हैं। इसमें शिशु लोन, किशोर लोन और तरुण लोन शामिल हैं। आप अपनी जरूरत के मुताबिक इनमें से किसी भी प्रकार के लोन को ले सकते हैं।

इस स्कीम के तहत 50,000 रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक का लोन दिया जाता है। हालांकि, लोन लेने के लिए आपको मुद्रा कार्ड की जरूरत होगी। इस कार्ड से आप अपने व्यवसाय से जुड़े जरूरी उपकरणों को खरीदने के लिए खर्चा कर सकते हैं। इसमें शिशु लोन में 50,000 रुपये मिलते हैं। दूसरा किशोर लोन में 50,000 रुपये से लेकर 5 लाख रुपये तक ले सकते हैं। इसी तरह तीसरा तरुण लोन में 10 लाख रुपये तक का लोन हासिल कर सकते हैं। अगर आप योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो पीएम मुद्रा योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करके अप्लाई कर सकते हैं।

7th Pay Commission के बाद जानिए कब आएगा 8वां वेतन आयोग, इस पर आया बड़ा अपडेट


इन डॉक्यूमेंट्स की होगी जरूरत

पीएम मुद्रा योजना के तहत लोन हासिल करने के लिए आपके पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, स्थाई पता, बिजनेस का पूरा पता का प्रूफ होना जरूरी है। तीन साल की बैलेंस शीट, इनकम टैक्स रिटर्न और सेल्फ टैक्स रिटर्न की कॉपी और पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी है।

जानिए कैसे करें अप्लाई

सबसे पहले आपको पीएम मुद्रा की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करना होगा। होम पेज पर आपको शिशु लोन, किशोर लोन, और तरुण लोन के ऑप्शन आपको सामने दिखाई देंगे। जिस कैटेगरी में लोन चाहिए, उसमें क्लिक करना होगा। यहां से आप फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं। फॉर्म में पूछी गई सभी जानकारी दर्ज करें। इस फॉर्म को अपने किसी नजदीकी बैंक में जमा कर दें। इसके एक महीने के भीतर आपको लोन दे दिया जाएगा। वहीं ऑनलाइन अप्लाई करने के लिए आपको यूजर आईडी और पासवर्ड बनाना होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।