देश के किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए और उनको आर्थिक सहायता देने के लिए सरकार द्वारा कई तरह की योजनाएं चलाई जाती हैं। इन्हीं योजनाओं में से एक है पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र योजना (Post Office Kisan Vikas Patra Scheme)। डाकघर की इस योजना के जरिए किसान अपने बचाए गए पैसों को जमा कर सकते हैं। यह योजना जहां बचत के पैसों पर सुरक्षा की पूरी गारंटी देती है तो वहीं किसानों को बंपर ब्याज का फायदा भी मिलता है। इस योजना की सबसे खास बात ये है कि एक समय के बाद इसमें निवेश गए पैसे दोगुने हो जाते हैं। आइये जानते हैं इस योजना की पूरी डिटेल।
क्या है पोस्ट ऑफिस की किसान विकास पत्र स्कीम
किसान विकास पत्र (KVP) इंडियन पोस्ट की तरफ से पेश की जाने वाली छोटी बचत योजनाओं में से एक है। अगर आप अपनी बचत के पैसों को जमा करना चाहते हैं और कोई जोखिम भी नहीं लेना है तो, आपके लिए यह योजना बचत करने का एक सबसे अच्छा ऑप्शन साबित हो सकती है। इस योजना के नाम से ही यह साफ हो जाता है कि इसे खास किसानों के लिए बनाया गया है लेकिन फिर भी कोई भी व्यक्ति इसमें निवेश कर सकता है। इसमें पैसा जमा करने के लिए आपको एक किसान विकास पत्र सर्टिफिकेट खरीदना होगा। आप इसमें कम से कम 1000 रुपये निवेश शुरू कर सकते हैं वहीं पैसा जमा करने की कोई भी ऊपरी सीमा निर्धारित नहीं की गई है। लेकिन अगर आपको 50 हजार रुपये से ज्यादा की रकम जमा करना करना है तो इसके लिए पैन कार्ड उपलब्ध कराना होगा।
पोस्ट ऑफिस की इस योजना में कोई भी व्यक्ति जिसकी उम्र 18 साल से ज्यादा है वह अपना खाता खुलवा सकता है। हालांकि खाता खुलवाने के लिए कोभी आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। इस योजना में किसी अभिभावक द्वारा नाबालिग का खाता भी खुलवाया जा सकता है।
इस योजना में चक्रवृद्धि आधार पर 7.2 फीसदी ब्याज का लाभ मिलता है। पोस्ट ऑफिस की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक 123 महीने यानी 10 सालों के अंदर इसमें जमा की गई रकम दोगुनी हो जाती है। वहीं इस स्कीम के तहत खाते को गिरवी भी रखा जा सकता है यै फिर ट्रांसफर भी किया जा सकता है।