पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन्स सेविंग स्कीम (Post Office SCSS) में बड़ा और अहम बदलाव हुआ है। इस बदलाव का सीधा असर योजना को अपनाने वाले वरिष्ठ नागरिकों पर पड़ेगा। दरअसल केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल 2023 से पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन्स सेविंग स्कीम पर इंटरेस्ट रेट को बढ़ाने का ऐलान किया है, यानी कि अब इस छोटी बचत योजना में निवेश करने वालों को बड़ा फायदा होगा।
केंद्र सरकार ने पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन्स सेविंग स्कीम पर दिए जाने वाले ब्याज पर इजाफा कर दिया है। बढ़ी हुई यह ब्याज दरें 1 अप्रैल 2023 से ही लागू हो गई हैं। बता दें कि पोस्ट ऑफिस की इस योजना पर ब्याज को 8 प्रतिशत से बढ़ा कर 8.20 प्रतिशत का कर दिया गया है। सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम की ब्याज दर में बदलाव के अलावा 1 अप्रैल 2023 से से अधिकतम जमा सीमा को दोगुना कर दिया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2023 को अपने केंद्रीय बजट भाषण के दौरान इस संबंध में घोषणा की थी। संसद में वित्त विधेयक 2023 के पारित होने के बाद 1 अप्रैल 2023 से बजट प्रस्ताव को इस स्कीम के लिए लागू कर दिया गया है।
अब जमा कर सकते हैं इतनी रकम
निर्मला सीतारमण ने वरिष्ठ नागरिक बचत योजना में अधिकतम जमा सीमा को दोगुना करने की घोषणा करते हुए कहा था कि, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना को 15 लाख रुपये से 30 लाख रुपये के जमा खाते के लिए बढ़ाया जाएगा। बता दें कि सीनियर सिटीजन्स सेविंग स्कीम पर मिलने वाला 8.20 प्रतिशत का इंटरेस्ट रेट कई सारी योजनाओं से काफी ज्यादा है जिस वजह से यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए निवेश का सबसे बेहतर ऑप्शन भी साबित हो सकती है। कोई भी भारतीय व्यक्ति जिसकी उम्र 60 साल या इससे अधिक है वह अपने नजदीकी पोस्ट ऑफिस या फिर बैंक में जाकर इस योजना में अपना अकाउंट ओपन करवा सकता है।