ट्रेन में सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरअसल रेल मंत्रालय ने ऐसी सभी ट्रेनें जिसमें एसी चेयर कार और एग्जिक्यूटिव कार के कोच लगे होते हैं उसके बेसिक किराये में 25 फीसदी तक के डिस्काउंट का ऐलान किया है। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक तत्काल प्रभाव से यात्रियों को इस छूट का फायदा मिलेगा। हालांकि जिन्होंने पहले से बुकिंग करा रखी है उनको कोई भी डिस्काउंट नहीं दिया जाएगा। रेलवे ने यह फैसला ट्रेनों की जगह के सही इस्तेमाल के लिए लिया है। रेल मंत्रालय के इस फैसले के बाद वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 25 फीसदी तक कम कर दिया जाएगा। यह छूट अनुभूति और विस्टाडोम कोचों सहित एसी बैठने की सुविधा वाली सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास पर लागू होगी।
रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में कहा है कि छूट अनुभूति और विस्टाडोम कोचों सहित एसी बैठने की सुविधा वाली सभी ट्रेनों की एसी चेयर कार और एक्जीक्यूटिव क्लास पर लागू होगी। साथ ही यह छूच सिर्फ बेसिक किराये पर 25 फीसदी तक मिलेगी। वहीं किराये में इसके अलावा जो अलग से चार्ज लिए जाते हैं जैसे कि रिजर्वेशन चार्ज, सुपर फास्ट सरचार्ज और जीएसटी जैसे चार्ज अलग से लगाए जाएंगे।
ट्रेनों के किराये पर मिलने वाली इस छूट पर रेल मंत्रालय ने जोनल रेलवे को अधिकार सौंपने का फैसला किया है। पिछले 30 दिनों के दौरान 50 फीसदी तक की ऑक्युपेंसी वाली ट्रेनों पर गौर किया जाएगा। इसके बाद ट्रेनों में ऑक्युपेंसी के आधार पर बेसिक किराये में डिस्काउंट दिया जाएगा। इस छूट में किराये और दूरी के आधार पर फैसला किया जाएगा। किराये पर यह डिस्काउंट यात्रा के पहले फेज, या फिर आखिरी फेज या फिर मिडिल फेज में दिया जा सकता है। हालांकि इसके पीछे भी शर्त यह होगी कि उस फेज में ऑक्युपेंसी 50 फीसदी से कम हो।