वॉट्ऐप (Whatsapp) का इस्तेमाल आज के वक्त में कई सारे लोग करते हैं। हालांकि अब वॉट्सऐप के जरिए बड़े पैमाने पर फ्रॉड भी शुरू हो गया है। वॉट्सऐप के जरिए लोगों के पैसों पर हाथ फेरने की घटनाएं काफी तेजी से सामने आ रही हैं। जिस वजह से इस ऐप का इस्तेमाल करते हुए आपको इस तरह के जालसाजों से सतर्क रहना बेहद ही ज्यादा जरूरी है। साथ ही आपके लिए यह समझना भी काफी ज्यादा जरूरी है कि कैसे वॉट्सऐप के जरिए आपको ठगा जा रहा है।
कैसे हो रही वॉट्सऐप के जरिए ठगी
साइबर क्रिमिनल वॉट्सऐप के जरिए लोगों को घर बैठे पार्ट टाइम काम करके हर दिन हजारों रुपये कमाने का लालच देते हैं। इस मैसेज के साथ एक लिंक भी होता है। जिस पर क्लिक करते ही आपको एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया जाता है। इसमें आपको वीडियो रिव्यू करने या फिर लाइक करने जैसे काम दिए जाते हैं और उस पर मोटा पैसा कमाने का लालच दिया जाता है। जिसके बदले में आपसे कुछ फीस की डिमांड भी की जाती है। एक बार आपके खाते में कुछ पैसे भेज भी दिए जाते हैं ताकि आपको उन पर विश्वास हो जाए। जिसके बाद आपके ज्यादा पैसे की डिमांड की जाती है और आपको ठगी का शिकार बना दिया जाता है।
मैसेज में लिखी होती हैं ये बातें
इस तरह के मैसेज इंटरनेशनल नंबरों से भेजे जाते हैं। जिनमें काफी सारे लुभावने ऑफर शामिल होते हैं। इन मैसेज में लिखा होता है कि आपको पार्ट टाइम जॉब दी जा रही है। जिससे आप घर बैठे फोन के जरिए 200 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक रोज कमा सकते हैं। इसके लिए आपको केवल दिन भर में 10 मिनट से 30 मिनट तक ही काम करना होगा। नए जॉइन करने वाले यूजर को 50 रुपये दिए जाएंगे। 1 लिखकर अप्लाई करें और लॉग इन पर क्लिक करें।
वीडियो के जरिए भी हो रहा है स्कैम
इसके अलावा लोगों को वीडियो देखने और कुछ चैनल को सब्सक्राइब करने पर मोटा पैसा देने का लालच भी दिया जा रहा है। ठगी का शिकार हुई एर महिला ने मीडिया को बयान देते हुए बताया कि वॉट्सऐप पर उसे वीडियो देखने के बदले में पैसा कमाने का एक मैसेज मिला। लिंक पर क्लिक करते ही उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में ऐड कर दिया गया। जहां पर उसे पहले कुछ पैसा इनवेस्ट करने को कहा गया। कुछ पैसे जमा करने के बाद महिला से दोबारा से काम के बदले पैसों की डिमांड की गई। हालांकि दोबरा पैसा जमा करने पर उसे काम भी नहीं मिला और उसने अपने पैसे भी गंवा दिए।
मूवी रेटिंग से भी हो रहा है स्कैम
इसके अलावा वॉट्सऐप पर मूवी देखकर उसको रेटिंग देने पर भी हर रोज मोटा पैसा कमाने का लालच दिया जा रहा है। ऐसे ही एक मैसेज के झांसे में आकर एक वॉट्सऐप यूजर ने अपना काफी सारा पैसा गंवा दिया। वहीं रेस्टोरेंट को रेटिंग देने के नाम पर भी लोगों को ठगा जा रहा है।