गूगल पे (Google Pay) ने अपने यूजर्स के लिए एक नई सर्विस को शुरू करने का ऐलान किया है। यह सर्विस नेशनल पेमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के अपने आधार नंबर का इस्तेमाल करके UPI के लिए रजिस्ट्रेशन को आसान बनाती है। गूगल पे के मुताबिक आधार बेस्ड यूपीआई सर्विस की शुरुआत का उद्देश्य लाखों भारतीयों यूजर्स के लिए इसे यूज करने की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
भारत में करोड़ों लोग करते हैं ऑनलाइन पेमेंट
एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में 40 करोड़ से अधिक लोग डिजिटल रूप से लेनदेन करते हैं। भारत में किराना, फूड डिलिवरी और टूरिज्म जैसे सेक्टर में 80 फीसदी से भी ज्यादा का ट्रांजैक्शन ऑनलाइन तरीके से किया जाता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि PhonePe, Google Pay, Paytm और Cred का UPI-आधारित भुगतानों में 95 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी है। रिपोर्ट में कहा गया है, "डिजिटल भुगतान बाजार मौजूदा 3,200 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 तक 4,000 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है।"
बिना डेबिट कार्ड भी UPI पिन सेट कर सकेंगे यूजर्स
आधार बेस्ड यूपीआई सुविधा के साथ अब गूगल पे के यूजर्स बिना डेबिट कार्ड के ही अपना पिन सेट कर पाएंगे। मौजूदा समय में यह सुविधा बैंक अकाउंट होल्डर्स के लिए अवेलबल है। UIDAI के डेटा के मुताबिक भारत में 99.9 फीसदी से भी ज्यादा वयस्क अबादी के पास आधार कार्ड है और वे महीने में कम से कम एक बार इसका यूज करते हैं। Google ने कहा कि UPI पर आधार-आधारित ऑनबोर्डिंग सुविधा इसे बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं के लिए सुलभ बनाने के लिए शुरू की गई है, जिससे पूरे देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दिया जा सके।
ऐसे कर सकेंगे इस सुविधा का इस्तेमाल
आधार बेस्ड UPI को ऑनबोर्ड करने के लिए यूजर्स के लिए यह जरूरी है कि आधार और बैंक के साथ उनका एक ही मोबाइल नंबर लिंक्ड हो। इस के बाद यूजर्स गूगल पे पर डेबिट कार्ड या फिर आधार बेस्ड UPI ऑनबोर्डिंग के बीच सेलेक्ट कर सकते हैं। आधार का ऑप्शन चुनने पर आपको अपने आधार कार्ड के शुरुआती 6 अंकों को इंटर करना होगा। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर एक ओटीपी आएगी। इसके बाद आप अपने यूपीआई पीन को सेट कर पाएंगे।