Vegetable Prices Hike: टमाटर सहित तमाम सब्जियों के दाम इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। देश के प्रमुख शहरों में टमाटर की खुदरा कीमतें 155 से 160 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं। जानकारों का कहना है कि उत्पादक क्षेत्र में बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने टमाटर की कीमतों में वृद्धि हुई हैं। टमाटर के अलावा अन्य हरी सब्जियों की कीमतें भी काफी बढ़ गई हैं। अदरक और हरी मिर्ची 400 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है। कभी फ्री में मिलने वाली धनिया की कीमत भी 200 रुपये किलो तक पहुंच चुकी है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, चेन्नई में हरी मिर्च 100 रुपये तो कोलकाता में 350-400 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं, अदरक भी 350 से 400 रुपये किलो बिक रहा है।
टमाटर, प्याज, परवल, गोभी और धनिया सहित अन्य सब्जियों के दामों में एक सप्ताह में लगभग 40 से 50 फीसदी की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सब्जियों के दाम बढ़ने के कारण विशेषकर मध्यम वर्ग एवं गरीब वर्ग की थाली से हरी एवं पौष्टिक सब्जी गायब हो गई हैं। जो टमाटर एक महीने पहले 10 से 15 रुपये किलो बिक रहा था वह अब 140 से 150 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है।
टमाटर के बाद हरी मिर्च के दाम ने भी लोगों का बजट बिगाड़ दिया है। मंडी में मिर्च के दाम भी 400 रुपये के पार पहुंच गए हैं। देश के अधिकांश हिस्सों में हरी मिर्च की कीमत 300 से 400 रुपये किलो पर पहुंच चुकी है। चेन्नई में हरी मिर्च की कीमत 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है तो वहीं कोलकाता में इसका दाम 400 रुपये किलो पर है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, आने वाले दिनों में कीमत और बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, सरकार ने कहा है कि टमाटर की कीमतों में मौजूदा बढ़ोतरी एक मौसमी घटना है और यह अगले 15 दिनों में कम हो जाएगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मई की शुरुआत से ही बिहार की राजधानी पटना में सब्जियों की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। यहां सबसे ज्यादा बढ़ोतरी टमाटर के दाम में हुई है, वहीं अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं, जिनमें फूलगोभी, पत्तागोभी, भिंडी आदि शामिल हैं। फूलगोभी की कीमत 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जो मई की शुरुआत में 40 रुपये प्रति किलो थी। इसी तरह, पत्तागोभी की कीमत 30-40 रुपये किलो से बढ़कर 60 रुपये किग्रा हो गई है। वहीं, आलू और प्याज की जो कीमत मई की शुरुआत में 20 रुपये किग्रा थी, वह बढ़कर जुलाई में 30 रुपये किग्रा हो गई।
अन्य भारतीय राज्यों में भी सब्जियों की कीमतों में वृद्धि देखी गई है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि पश्चिम बंगाल में सब्जियों की कीमतें औसतन 30-35 फीसदी तक बढ़ गई हैं। कोलकाता में टमाटर 130 से 150 रुपये किग्रा बिक रहा है। वहीं, हरी मिर्च 300 से 350 किलो के बीच बिक रही है, जबकि एक सप्ताह पहले यह 150 रुपये थी।
पिछले 15 दिनों में ओडिशा में सब्जियों की कीमतों में भी कथित तौर पर तेजी से बढ़ोतरी हुई है। टमाटर जहां 140-160 रुपये किलो के आसपास बिक रहा है, वहीं हरी मिर्च करीब 200 रुपये किलो और अदरक 300 रुपये किलो बिक रहा है।
दिल्ली के सफल स्टोर में टमाटर की कीमत बढ़कर 129 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। दिल्ली के एक ग्राहक ने कहा, 'आम आदमी के लिए ये बहुत मुश्किल है, हमने टमाटर खाना बंद कर दिया है। कल मार्केट में गया था तो वहां पर टमाटर 160 रुपए बिक रहा था। सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए।'
दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों सहित देहरादून में टमाटर 160 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहे हैं। यूपी के मुरादाबाद में टमाटर की कीमतें 150 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई हैं। एक ग्राहक ने कहा, ''मैं सरकार से हस्तक्षेप करने और सब्जियों की कीमतें नियमित करने का अनुरोध करता हूं।'' सब्जियों के दाम काफी बढ़ गये हैं. टमाटर 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। दाम बढ़ने से ग्राहकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।