आज कल बैंकिंग सेक्टर में रोज ही कुछ नए बदलाव देखने को मिलते हैं। इन्हीं रोजाना हो रहे बदलावों में अब एक नया बदलाव एटीएम मशीन (ATM) से पैसे निकालने को लेकर है। पहले जहां एटीएम मशीन से पैसे निकालने के लिए आपको एटीएम कार्ड या पिर डेबिट कार्ड की जरूरत पड़ती थी तो वहीं अब आप बिना इसके भी कार्डलेस ट्रांजैक्शन कर सकते हैं। भारत के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने ग्राहकों के लिए इंटरऑपरेबल कार्डलेस कैश विड्रॉल की फैसेल्टी को शुरू कर दिया है। इस सुविधा के शुरू होने के बाद अब आप बिना कार्ड के भी पैसे निकाल सकते हैं।
क्या सुविधा शुरू की है RBI ने
8 अप्रैल, 2022 को, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने घोषणा की कि वह देश के सभी बैंक एटीएम से इंटरऑपरेबल कार्डलेस नकद निकासी की अनुमति दे रहा है। ये लेनदेन यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) सुविधा का उपयोग करके संसाधित किए जाते हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा के चीफ डिजिटल ऑफिसर अखिल हांडा कहते हैं, "बैंक द्वारा दी जा रही इंटरऑपरेबल कार्डलेस नकद निकासी सुविधा ग्राहकों को कार्ड के इस्तेमाल के बिना पैसे निकालने की आजादी देती है - यह एक सरल, सुविधाजनक और सुरक्षित तरीका है।
क्या है इंटरऑपरेबल कार्डलेस सर्विस
इंटरऑपरेबल कार्डलेस कैश निकासी सुविधा का उपयोग करके, आप UPI सुविधा का उपयोग करके किसी भी बैंक के एटीएम से नकदी निकाल सकते हैं। जैसे कि अगर आपका खाता यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में है, लेकिन पास में केवल भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का एटीएम है, तो आप यूपीआई सुविधा का उपयोग करके एसबीआई एटीएम पर अपने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से नकदी निकाल सकते हैं। एसबीआई और अन्य बैंकों के ग्राहक 'यूपीआई क्यूआर कैश' का इस्तेमाल करके किसी भी बैंक के इंटरऑपरेबल कार्डलेस कैश निकासी-सक्षम एटीएम से बिना किसी रुकावट के पैसा निकाल सकते हैं। एटीएम स्क्रीन पर एक सिंगल यूज क्यूआर कोड के जरिए ट्रांजैक्शन कर पाएंगे। यूजर्स यूपीआई अप्लिकेशन पर उपलब्ध स्कैन और भुगतान सुविधा का उपयोग करके आसानी से नकदी निकाल सकते हैं।
कैसे काम करती है ये सर्विस
जैसे कि अगर मान लीजिए कि आपका एसबीआई में खाता है और आप बैंक के एटीएम से यूपीआई का उपयोग करके नकदी निकालना चाहते हैं। आपको मोबाइल बैंकिंग सुविधा के साथ अपने मोबाइल हैंडसेट पर एसबीआई योनो या योनो लाइट ऐप इंस्टॉल करना होगा। अब, एटीएम स्क्रीन पर 'क्यूआर कैश' चुनें। आपके पास नकदी निकालने के लिए 2,000 रुपये और 4,000 रुपये के दो ऑप्शन दिखाई देंगे। अपनी आवश्यकता के अनुसार एक विकल्प चुनें और योनो ऐप में 'क्यूआर कैश विदड्रॉल' विकल्प का उपयोग करके एटीएम स्क्रीन पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन करें। इसके बाद एटीएम से नकदी निकल जाएगी। बैंक ऑफ बड़ौदा और अन्य बैंक अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप के माध्यम से यूपीआई सुविधा का उपयोग करके नकदी निकालने की समान सुविधा प्रदान करते हैं।
मैक्सिमम निकाल सकते हैं इतनी रकम
यूपीआई एटीएम सुविधा के जरिए आप हर महीने अधिकतम 1 लाख रुपये निकाल सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि आरबीआई की गाइडलाइंस के मुताबिक, यूपीआई के जरिए हर महीने केवल 1 लाख रुपये तक का ही लेनदेन किया जा सकता है। हालाँकि, इस सुविधा का उपयोग करके निकासी पर बैंकों द्वारा एक सीमा भी लगाई गई है। जैसे कि, यूपीआई सुविधा का उपयोग करके, बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक रोज 5,000 रुपये की निकासी सीमा के साथ हर एक अकाउंट से दो ट्रांजैक्शन कर सकते हैं।
ग्राहकों को मिलेगा यह फायदा
इस नई फैसेल्टी से आपकी सेफ्टी में इजाफा भी होगा। साथ ही आप कभी भी कहीं से भी बिना कार्ड के पैसा निकाल पाएंगे। एक्सपर्ट्स के मुताबिक लोग अब मोबाइल के जरिए पेमेंट करने के आदी हो गए हैं। अब वे यूपीआई के जरिए अपने मोबाइल से ही पैसा निकाल पाएंगे। वहीं अगर आपका ट्रांजैक्शन किसी वजह से फेल हो जाता है तो सात वर्किंग दिनों के अंदर आपका पैसा वापस कर दिया जाएगा।