Mutual Fund SIP: सिर्फ 1 साल की देरी और ₹82 लाख का फटका! जानिए म्यूचुअल फंड SIP का ये कड़वा सच

Delaying Mutual Fund SIP: म्यूचुअल फंड के गणित में आपके पहले साल का निवेश, आपके आखिरी साल के निवेश से कई गुना ज्यादा कीमती होता है। अगर आप एसआईपी शुरू करने में सिर्फ एक साल की भी देरी करते हैं, तो आपको ₹82 लाख रुपये तक की भारी चपत लग सकती है। एक्सपर्ट के विश्लेषण से समझिए कंपाउंडिंग का यह चौंकाने वाला खेल

अपडेटेड Jul 01, 2026 पर 10:57 AM
आपकी पहली किस्त और आखिरी किस्त की कमाई की ताकत में जमीन-आसमान का अंतर होता है

Mutual Fund SIP: जब हम म्यूचुअल फंड में एसआईपी (SIP) शुरू करते हैं, तो कागज पर हर महीने जमा होने वाली किस्त एक जैसी ही दिखती है। जो ₹5000 आप पहले महीने में जमा करते हैं, वही ₹5000 आप 30वें साल में भी जमा कर रहे होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी पहली किस्त और आखिरी किस्त की कमाई की ताकत में जमीन-आसमान का अंतर होता है?

म्यूचुअल फंड के गणित में आपके पहले साल का निवेश, आपके आखिरी साल के निवेश से कई गुना ज्यादा कीमती होता है। अगर आप एसआईपी शुरू करने में सिर्फ एक साल की भी देरी करते हैं, तो आपको ₹82 लाख रुपये तक की भारी चपत लग सकती है। आइए फिनोवेट (Finnovate) की को-फाउंडर और सीईओ नेहल मोटा के विश्लेषण से समझते हैं कंपाउंडिंग का यह चौंकाने वाला खेल।

क्यों इतनी कीमती है पहली किस्त? समझें कंपाउंडिंग का जादू


कंपाउंडिंग का सीधा मतलब है 'ब्याज पर ब्याज' मिलना। आप जो पैसा पहले साल में निवेश करते हैं, उसे बढ़ने के लिए पूरे 30 साल का समय मिलता है। वह पैसा लगातार तीन दशकों तक हर साल रिटर्न के ऊपर रिटर्न बनाता जाता है। इसके उलट, जो पैसा आप आखिरी साल में जमा करते हैं, उसे बढ़ने के लिए सिर्फ कुछ महीने ही मिलते हैं। यही कारण है कि शुरुआत में की गई छोटी सी देरी भी आपके मैच्योरिटी फंड को बहुत छोटा कर देती है।

कैलकुलेशन: सिर्फ 1 साल की देरी और ₹20 लाख गायब!

आइए ₹5000 की मंथली एसआईपी के उदाहरण से इसे समझते हैं:

केस 1: अगर आप 30 साल तक हर महीने ₹5000 की एसआईपी करते हैं, तो आपका कुल निवेश ₹18 लाख होगा। 12% का सालाना अनुमानित रिटर्न मानें, तो 30 साल बाद आपका फंड ₹1.76 करोड़ बन जाएगा।

केस 2 (1 साल की देरी से शुरुआत): अब मान लेते हैं कि आपने सिर्फ 1 साल की देरी की या 1 साल स्किप कर दिया। आम तौर पर लोग सोचेंगे कि नुकसान सिर्फ ₹60000 (₹5000 × 12 महीने) का हुआ है। लेकिन 29 साल बाद आपका कुल फंड घटकर ₹1.56 करोड़ रह जाएगा।

कितना होगा नुकसान: 1 साल की देरी की वास्तविक कीमत ₹20.43 लाख (₹1.76 करोड़ - ₹1.56 करोड़) रही! यानी छूटे हुए ₹60000 ने आपके आने वाले ₹20 लाख से ज्यादा का फंड खा लिया।

SIP का अमाउंट जितना बड़ा, देरी की कीमत उतनी भारी

यह नुकसान सिर्फ ₹5000 की एसआईपी तक सीमित नहीं है। जैसे-जैसे आपका निवेश बढ़ता है, देरी की कीमत और डरावनी होती जाती है:

  1. ₹2000 की मंथली SIP: 1 साल की देरी करने पर करीब ₹8.17 लाख का नुकसान।
  2. ₹10000 की मंथली SIP: 1 साल की देरी करने पर करीब ₹40.87 लाख का नुकसान।
  3. ₹20000 की मंथली SIP: 1 साल की देरी करने पर करीब ₹82 लाख का भारी नुकसान।

आखिरी के सालों में कैसे बदलती है बाजी?

लॉन्ग-टर्म निवेश में पैसा रफ्तार कैसे पकड़ता है, इसे ₹5000 की एसआईपी के इस पैटर्न से देखें:

10 साल बाद: ₹6 लाख के कुल निवेश पर फंड बनता है करीब ₹11.62 लाख।

20 साल बाद: ₹12 लाख के कुल निवेश पर फंड पहुंचता है करीब ₹50 लाख।

30 साल बाद: कुल निवेश ₹18 लाख होता है, लेकिन फंड बढ़कर हो जाता है ₹1.76 करोड़।

ध्यान दें कि आखिरी के 10 सालों में आपने सिर्फ ₹6 लाख और जोड़े, लेकिन फंड ₹50 लाख से सीधे ₹1.76 करोड़ पर पहुंच गया। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि तब तक आपका बेस बहुत बड़ा हो चुका होता है। दरअसल, एसआईपी के आखिरी 5 सालों की कमाई, शुरुआती 20 सालों की कुल कमाई से भी ज्यादा होती है।

अगर देरी हो गई है, तो सुधारने का क्या है तरीका?

अगर आप पहले ही देर कर चुके हैं, तो अच्छी खबर यह है कि इस नुकसान की भरपाई की जा सकती है। रिसर्च के मुताबिक, अगर आपने पहला साल मिस कर दिया है, तो बचे हुए 29 सालों के लिए आपको अपनी मंथली एसआईपी को ₹5000 से बढ़ाकर ₹5655 करना होगा। यानी हर महीने ₹655 का एक्स्ट्रा 'टॉप-अप' करके आप उस ₹20.43 लाख के गैप को पाट सकते हैं।

SSY vs FD: सुकन्या समृद्धि योजना या बैंक एफडी? बेटी के नाम कहां जमा करें पैसा कि मिले सबसे ज्यादा रिटर्न, यहां समझिए पूरा गणित

एक्सपर्ट्स की सलाह ये है कि निवेश की दुनिया में सबसे सही समय 'आज और अभी' होता है। कल का इंतजार आपको लाखों रुपये की चपत लगा सकता है, इसलिए छोटी रकम से ही सही, पर शुरुआत जल्दी करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।