SSY vs FD: सुकन्या समृद्धि योजना या बैंक एफडी? बेटी के नाम कहां जमा करें पैसा कि मिले सबसे ज्यादा रिटर्न, यहां समझिए पूरा गणित
Sukanya Samriddhi vs Bank FD: सुकन्या समृद्धि योजना में कोई भी माता-पिता या कानूनी अभिभावक अपनी बेटी के 10 वर्ष की आयु पूरा करने से पहले यह खाता खुलवा सकते हैं। इसमें एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम ₹250 से लेकर अधिकतम ₹1.5 लाख तक निवेश करने की सुविधा मिलती है
सुकन्या समृद्धि योजना विशेष रूप से केवल बेटियों के लिए तैयार की गई है, यह पूरी तरह से रिस्क-फ्री स्कीम है
SSY vs Fixed Deposit Comparison: हर माता-पिता अपनी बच्चों के भविष्य के लिए गाढ़ी कमाई में से कुछ न कुछ बचत जरूर करते हैं। उनकी कोशिश यही होती है कि इस पैसे को किसी ऐसी जगह निवेश किया जाए, जहां फंड पूरी तरह सुरक्षित रहे और रिटर्न भी जबरदस्त मिले। खासतौर पर जब बात बेटी के भविष्य, उसकी उच्च शिक्षा या शादी के खर्चों की प्लानिंग की हो, तो पेरेंट्स अक्सर एक बड़े असमंजस में रहते हैं।
उनके सामने सबसे बड़ा सवाल यह होता है कि क्या उन्हें बेटी के नाम पर बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) करानी चाहिए या फिर सरकार की गारंटी वाली सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) में पैसा लगाना चाहिए? आइए दोनों योजनाओं की बारीकियों, ब्याज दरों और टैक्स नियमों को समझते हुए ये जानते हैं कि आपके लिए कहां निवेश करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
1. सुकन्या समृद्धि योजना (SSY): बेटियों के लिए खास और सुरक्षित
पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित सुकन्या समृद्धि योजना विशेष रूप से केवल बेटियों के लिए तैयार की गई है। यह पूरी तरह से रिस्क-फ्री स्कीम है, क्योंकि इसमें जमा पैसे की सुरक्षा की शत-प्रतिशत गारंटी खुद भारत सरकार लेती है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही के लिए सरकार इस योजना पर 8.2% की दर से सालाना चक्रवृद्धि ब्याज दे रही है।
कोई भी माता-पिता या कानूनी अभिभावक अपनी बेटी के 10 वर्ष की आयु पूरा करने से पहले यह खाता खुलवा सकते हैं। इसमें एक वित्तीय वर्ष में न्यूनतम ₹250 से लेकर अधिकतम ₹1.5 लाख तक निवेश करने की सुविधा मिलती है। इस खाते में आपको केवल 15 वर्षों तक ही पैसा जमा करना होता है, जबकि खाता खुलने की तारीख से 21 साल पूरे होने पर यह स्कीम मैच्योर हो जाती है।
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका 'EEE' स्टेटस है। इसमें इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत निवेश पर छूट मिलती है, सालाना मिलने वाला ब्याज भी पूरी तरह टैक्स-फ्री होता है, और मैच्योरिटी के समय मिलने वाली पूरी रकम पर भी कोई टैक्स नहीं चुकाना पड़ता।
कैलकुलेटर: ऐसे बेटी के पास होंगे करीब ₹72 लाख
सुकन्या समृद्धि योजना के जरिए ₹72 लाख का बड़ा फंड तैयार करने का गणित बेहद आसान है। इसके लिए आपको बेटी के खाते में हर महीने ₹12500 यानी सालाना अधिकतम ₹1.50 लाख का निवेश करना होगा।
अगर आप बेटी की 1 साल की उम्र में यह खाता खोलते हैं, तो 15 वर्षों में आपका कुल निवेश ₹2250000 होगा। 8.2% की मौजूदा ब्याज दर के हिसाब से जब बेटी 21 साल की होगी, तो मैच्योरिटी पर उसे कुल ₹7182119 मिलेंगे। इस फंड में आपकी जमा राशि के अलावा सिर्फ ब्याज का हिस्सा ही ₹4932,119 का होगा।
2. फिक्स्ड डिपॉजिट (FD): लड़कों और लड़कियों दोनों के लिए लचीला विकल्प
सुकन्या समृद्धि योजना के विपरीत, बैंकों की FD स्कीम्स में लिंग का कोई बंधन नहीं होता। यह बेटे और बेटी दोनों के लिए उपलब्ध हैं। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एकमुश्त बड़ा फंड जोड़ने के उद्देश्य से कई बैंक विशेष एफडी योजनाएं भी चलाते हैं, जिनमें सामान्य से अधिक ब्याज मिलता है।
वर्तमान में कई बैंकों में बच्चों की एफडी पर 8% या उससे भी ज्यादा का ब्याज मिल रहा है। उदाहरण के लिए, Yes Bank बच्चों के नाम पर 7 दिन से लेकर 10 साल तक की अवधि वाली फिक्स्ड डिपॉजिट पर चुनिंदा टैन्योर के लिए सामान्य ग्राहकों को 8% तक का शानदार ब्याज ऑफर कर रहा है।
इसी तरह पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की 'बेटी की शिक्षा योजना' भी एक बेहतरीन उदाहरण है, जिसे विशेष रूप से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली पात्र छात्राओं की पढ़ाई के खर्चों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है।
हालांकि, एफडी में सुकन्या समृद्धि योजना जैसे टैक्स बेनेफिट्स नहीं मिलते हैं। 5 साल की टैक्स-सेवर एफडी को छोड़कर बाकी एफडी से मिलने वाला ब्याज पूरी तरह टैक्स के दायरे में आता है, और निवेशक की टैक्स स्लैब के आधार पर उस पर टैक्स वसूला जाता है।
आपके लिए कौन सी योजना है सबसे बेहतर?
SSY और FD में से किसी एक को चुनना पूरी तरह से आपके वित्तीय लक्ष्यों और आवश्यकताओं पर निर्भर करता है:
सुकन्या समृद्धि योजना (SSY) किनके लिए बेस्ट है: जो अभिभावक अपनी बेटी के लिए लंबी अवधि में बिना किसी जोखिम के अधिकतम रिटर्न और टैक्स की पूरी बचत चाहते हैं, उनके लिए सुकन्या समृद्धि योजना से बेहतर कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इसमें मिलने वाला उच्च ब्याज और सरकारी गारंटी इसे सबसे मजबूत बनाते हैं।
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) किनके लिए बेस्ट है: यह उन माता-पिता के लिए अधिक उपयुक्त है जो अपनी बेटी या बेटे के लिए ₹1.5 लाख की सालाना सीमा से अधिक बड़ी रकम एकमुश्त निवेश करना चाहते हैं। इसके अलावा, जो लोग मैच्योरिटी अवधि से पहले आपातकालीन स्थितियों में समय से पहले पैसा निकालने की लचीली सुविधा चाहते हैं, उनके लिए बैंक एफडी एक व्यावहारिक विकल्प है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।