Credit Card: क्या बगैर इनकम प्रूफ क्रेडिट कार्ड बनवाया जा सकता है?

क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई करने के लिए इनकम प्रूफ जरूरी है। इससे बैंक यह देखना चाहते हैं कि ग्राहक क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने में सक्षम होगा या नहीं। इनकम प्रूफ इस बात की गारंटी है कि ग्राहक को रेगुलेर इनकम होती है

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 5:25 PM
क्रेडिट कार्ड इश्यू करने में बैंक के लिए काफी रिस्क होता है।

बैंक आम तौर पर क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए ग्राहक से कई तरह के डॉक्युमेंट्स मांगते हैं। इनमें इनकम प्रूफ, क्रेडिट स्कोर, घर का पता आदि शामिल होते हैं। बैंक यह देखना चाहते हैं कि ग्राहक क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने में सक्षम होगा या नहीं। हर व्यक्ति के पास इनकम का प्रूफ नहीं होता है। सवाल यह है कि क्या बगैर इनकम प्रूफ के क्रेडिट कार्ड बनवाया जा सकता है?

इनकम प्रूफ से वित्तीय स्थिति का पता चलता है

एक्सपर्ट्स का कहना है कि इनकम प्रूफ के बगैर क्रेडिट कार्ड बनवाना मुश्किल है। लेकिन, कुछ ऐसी स्थितियां हैं जिनमें बैंक बगैर इनकम प्रूफ क्रेडिट कार्ड इश्यू कर सकता है। दरअसल, इनकम प्रूफ बैंक इसलिए मांगते हैं क्योंकि वे ग्राहक के फाइनेंशियल स्टेटस के बारे में जानना चाहते हैं। साथ ही इससे बैंक को कार्ड की क्रेडिट लिमिट तय करने में भी आसानी होती है।


इनकम प्रूफ नहीं होने पर सेक्योर्ड कार्ड बनवा सकते हैं

अगर किसी व्यक्ति के पास इनकम प्रूफ नहीं है तो वह बैंक में सेक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई कर सकता है। यह कार्ड ग्राहक को बैंक में उसके फिक्स्ड डिपॉजिट के आधार पर जारी किया जाता है। ग्राहक का एफडी बैंक का रिस्क कम करता है। बैंक को पता होता है कि अगर किसी वजह से ग्राहक क्रेडिट कार्ड का पैसा नहीं चुकाता है तो बैंक में उसके एफडी से बैंक उस रकम की भरपाई कर सकता है।

बेहतर रिलेशनशिप के आधार पर भी बैंक दे सकता है कार्ड

बैंक से बेहतर संबंध भी क्रेडिट कार्ड बनवाने में मदद कर सकता है। अगर किसी ग्राहक का बैंक से अच्छा रिश्ता रहा है तो बैंक उसे क्रेडिट कार्ड इश्यू करने पर विचार कर सकता है। इसके लिए बैंक ग्राहक की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री और फाइनेंशियल स्टैबिलिटी के आधार पर क्रेडिट कार्ड इश्यू करने का फैसला लेता है। हालांकि, शुरुआत में बैंक ऐसे ग्राहक को शुरुआत में कम क्रेडिट लिमिट वाला कार्ड इश्यू करते हैं। फिर बाद में उसे बढ़ाते हैं।

प्राइमरी क्रेडिट कार्ड पर ऐड-ऑन कार्ड का भी है रास्ता

इनकम प्रूफ के बगैर क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए बैंकों की ऐड-ऑन कार्ड फैसिलिटी का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस फैसिलिटी के तहत प्राइमरी कार्ड पर ऐड-ऑन कार्ड इश्यू करते हैं। इसे एक उदाहरण की मदद से समझ सकते हैं।

यह भी पढ़ें: PPF में हर महीने इस तारीख से पहले कर दें निवेश, नहीं होगा इंटरेस्ट का नुकसान, जानिये पूरा कैलकुलेशन

ऐसे इश्यू होता है ऐड-ऑन क्रेडिट कार्ड 

मान लीजिए कोई व्यक्ति नौकरी करता है और उसके पास क्रेडिट कार्ड है। लेकिन, उसकी पत्नी के पास क्रेडिट कार्ड नहीं है। उसकी पत्नी की इनकम प्रूफ नहीं है। ऐसी स्थिति में व्यक्ति बैंक को अपने क्रेडिट कार्ड पर अपनी पत्नी के नाम से एक ऐड-ऑन कार्ड इश्यू करने के लिए कह सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।