Credit Card Bill: क्या आपको क्रेडिट कार्ड पर ज्यादा अमाउंट की किसी खरीदारी को ईएमआई में कनवर्ट करने का मैसेज आया है? बैंक अक्सर क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को किसी बड़े अमाउंट के पर्चेज को ईएमआई में कनवर्ट करने का ऑफर देते रहते हैं। इस ऑफर में आपका पूरा पर्चेज अमाउंट छह महीने, एक साल या ज्यादा अवधि की EMI में कनवर्ट कर दिया जाता है। यह सुविधा फ्री नहीं होती है। इसके लिए आपको कीमत चुकानी पड़ती है। सवाल है कि क्या बिल को ईएमआई में कनवर्ट करना समझदारी है?
EMI ऑफर के लिए कीमत चुकानी पड़ती है
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बिल को EMI में कनवर्ट करने का मतलब सिर्फ यह है कि आप पैसा एकबार चुकाने की जगह किस्तों में चुकाते हैं। इस सुविधा के बदले बैंक आपसे इंटरेस्ट वसूलता है। आम तौर पर इंटरेस्ट रेट क्रेडिट कार्ड के रेगुलर इंटरेस्ट से ज्यादा अलग नहीं होता। साथ ही ग्राहक से बैंक प्रोसेसिंग फीस भी वसूलते हैं। इसका मतलब है कि तुरंत आपको बिल का पेमेंट करने की जरूरत नहीं रह जाती है, लेकिन कुल मिलाकर आपको ज्यादा पैसे चुकाने पड़ते हैं।
कई क्रेडिट कार्ड कस्टमर्स बिल को EMI में कनवर्ट करने पर आने वाले खर्च पर ध्यान नहीं देते हैं। सच यह है कि EMI की अवधि जितनी लंबी होती है, आपको उतना ज्यादा इंटरेस्ट चुकाना पड़ता है। इसका मतलब है कि बिल अमाउंट के मुकाबले आप काफी ज्यादा पैसे बैंक को चुकाते हैं। हर महीने ईएमआई के पेमेंट का असर आपकी सेविंग्स और दूसरे जरूरी खर्च पर पड़ सकता है।
कई EMI का ऑफर लेने पर बढ़ती है मुश्किल
मुश्किल तब बढ़ जाती है जब आप एक के बाद एक कई बड़ी खरीदारी को EMI में कनवर्ट करते हैं। एक समय ऐसा आता है, जब ईएमआई के पूरे अमाउंट को चुकाना आपके लिए मुश्किल हो जाता है। फिर आपको अपनी गलती का अहसास होता है। लेकिन, तब तक देर हो चुकी होती है। हर महीने आपकी इनकम का बड़ा हिस्सा इंटरेस्ट के रूप में बैंक के पास जाता रहता है। साथ ही जरूरी खर्च के लिए आपके पास कम पैसा उपलब्ध होता है।
दूसरे विकल्पों पर विचार करने के बाद करें फैसला
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बिल को ईएमआई में कनवर्ट करने के ऑफर का इस्तेमाल करने से पहले आपको दूसरे विकल्पों के बारे में सोचना चाहिए। पहला विकल्प यह है कि आप बिल का बड़ा हिस्सा अभी चुका दें और बाकी अगले महीने चुका दें। हालांकि, इस पर भी आपको इंटरेस्ट देना होगा। लेकिन, आपको सिर्फ एक बार इंटरेस्ट का पेमेंट करना होगा। दो बार में आपका बिल सेटल हो जाएगा। दूसरा विकल्प पर्सनल लोन का है। पर्सनल लोन का इंटरेस्ट रेट क्रेडिट कार्ड ईएमआई के इंटरेस्ट रेट से कम हो सकता है।
एक साथ एक से ज्यादा EMI ठीक नहीं
अगर आपको किसी वजह से क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल बड़े खर्च के लिए करना पड़ा है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। आप उस बिल को EMI में भी कनवर्ट करा सकते हैं। लेकिन, यह ध्यान आपको रखना होगा कि जब तक आप उस EMI को पूरी तरह से खत्म नहीं कर देते हैं, आपको किसी दूसरे पर्चेज को ईएमआई में कनवर्ट नहीं करना होगा।