DA Hike: होली से पहले DA में होगी बढ़ोतरी, केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकता है 2% का फायदा

DA Hike: केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए होली से पहले राहत की खबर आ सकती है। जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी हो सकती है।

अपडेटेड Feb 09, 2026 पर 10:33 AM
Story continues below Advertisement
केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए होली से पहले राहत की खबर आ सकती है।

DA Hike:  केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए होली से पहले राहत की खबर आ सकती है। जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, अंतिम फैसला सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा। यह घोषणा मार्च में होली से पहले होने की उम्मीद जताई जा रही है। लेबर ब्यूरो ने दिसंबर 2025 का AICPI-IW डेटा जारी कर दिया है।

7वें वेतन आयोग के बाद भी DA क्यों मिलेगा?

हालांकि 7वें वेतन आयोग का कार्यकाल 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है, लेकिन जब तक 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक DA का कैलकुलेशन 7वें वेतन आयोग के बेसिक पे पर ही होती रहेगी। इसलिए कर्मचारियों और पेंशनर्स को DA बढ़ोतरी का लाभ मिलता रहेगा।


क्या होता है महंगाई भत्ता (DA)?

महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों को दिया जाने वाला वह हिस्सा है, जो बढ़ती महंगाई के असर को कम करने में मदद करता है। सरकार साल में दो बार DA बढ़ाती है, जनवरी और जुलाई में। DA सीधे बेसिक सैलरी पर मिलता है। इसलिए DA बढ़ने से कुल सैलरी अपने आप बढ़ जाती है।

AICPI-IW क्या है और क्यों जरूरी है?

AICPI-IW ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स – इंडस्ट्रियल वर्कर्स एक ऐसा इंडेक्स है, जो रोजमर्रा की चीजों की कीमतों में बदलाव को दिखाता है। इसे लेबर ब्यूरो हर महीने जारी करता है। इसी इंडेक्स के 12 महीने के औसत के आधार पर DA तय किया जाता है।

दिसंबर 2025 के आंकड़े क्या संकेत देते हैं?

दिसंबर 2025 में AICPI-IW का आंकड़ा 148.2 रहा। इसके आधार पर 12 महीने का औसत 145.54 बनता है। कैलकुलेशन के बाद DA करीब 60.33% निकलता है। सरकार आमतौर पर DA को राउंड फिगर में घोषित करती है। ऐसे में DA 60% किया जा सकता है। अभी DA 58% है, यानी 2% की बढ़ोतरी संभव है।

पहले कितनी बढ़ोतरी हुई थी?

जून 2025 के AICPI-IW आंकड़ों के आधार पर सरकार ने अक्टूबर 2025 में 3% DA बढ़ाया था। तब DA 55% से बढ़कर 58% हो गया था। इस बार आंकड़े उतने मजबूत नहीं हैं, इसलिए बढ़ोतरी 2% रहने की संभावना जताई जा रही है।

DA कैसे कैलकुलेट होता है?

DA निकालने का एक तय फॉर्मूला होता है। सबसे पहले नए बेस ईयर (2016) को पुराने बेस ईयर (2001) से जोड़ा जाता है। इसके लिए 2.88 का फैक्टर इस्तेमाल होता है।

फॉर्मूला

DA% = [{12 महीने का औसत AICPI-IW × 2.88 – 261.42} ÷ 261.42] × 100

इस कैलकुलेशन से DA करीब 60.33% आता है, जिसे सरकार 60% मान सकती है।

2% DA बढ़ने से सैलरी पर कितना असर पड़ेगा?

अगर DA 58% से बढ़कर 60% होता है, तो कर्मचारियों की सैलरी में सीधा फायदा होगा।

20,000 रुपये बेसिक सैलरी पर हर महीने करीब 400 रुपये बढ़ेंगे

30,000 रुपये पर 600 रुपये

40,000 रुपये पर 800 रुपये

50,000 रुपये पर 1,000 रुपये

60,000 रुपये पर 1,200 रुपये

70,000 रुपये पर 1,400 रुपये

80,000 रुपये पर 1,600 रुपये

90,000 रुपये पर 1,800 रुपये

1,00,000 रुपये बेसिक सैलरी पर 2,000 रुपये मंथली का फायदा होगा

पेंशनर्स को भी मिलेगा फायदा

DA बढ़ोतरी का फायदा सिर्फ कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स को भी मिलेगा। पेंशनर्स के लिए इसे Dearness Relief (DR) कहा जाता है। DR भी DA के बराबर ही बढ़ता है।

कब आएगा फैसला?

सरकार आमतौर पर जनवरी का DA मार्च में घोषित करती है। ऐसे में उम्मीद है कि होली से पहले केंद्र सरकार DA बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए त्योहार से पहले बड़ी राहत होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।