DA Hike: केंद्र सरकार के कर्मचारी और पेंशनर जनवरी–जून 2026 के लिए महंगाई भत्ता (DA) बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आमतौर पर यह घोषणा होली के आसपास हो जाती है, लेकिन इस बार अब तक कोई ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि सरकार मार्च के आखिर या अप्रैल की शुरुआत तक DA बढ़ोतरी का फैसला कर सकती है, जो 1 जनवरी 2026 से लागू होगी।
क्या है DA और क्यों जरूरी है?
महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनरों के लिए डियरनेस रिलीफ (DR) का मकसद बढ़ती महंगाई के असर को कम करना होता है। इसकी गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है। सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई DA में बदलाव करती है, ताकि सैलरी और पेंशन महंगाई के हिसाब से अपडेट हो सके।
मौजूदा आंकड़ों के आधार पर DA में करीब 2% की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे यह 58% से बढ़कर 60% हो सकता है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो उसका DA लगभग 360 रुपये प्रति महीने बढ़ सकता है। हालांकि यह बढ़ोतरी मार्च की सैलरी में नहीं दिखेगी, बल्कि अप्रैल में एरियर के साथ मिल सकती है।
इस बार DA की घोषणा में देरी का मुख्य कारण 7वें और 8वें वेतन आयोग के बीच का बदलाव है। 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को खत्म हो चुका है, जबकि 8वां वेतन आयोग अभी अपनी सिफारिशें तैयार कर रहा है। इसे रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय मिला है, इसलिए बड़े बदलाव आने में अभी वक्त लग सकता है।