DA Hike 2026: केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) को लेकर इस साल कन्फ्यूजन बना हुआ है। आमतौर पर हर साल मार्च के आखिर तक DA बढ़ोतरी का ऐलान हो जाता है, लेकिन इस बार अप्रैल का आधा महीना बीतने के बाद भी कोई घोषणा नहीं हुई है। बीते 10 सालों का रिकॉर्ड देखें तो ऐसा पहली बार हुआ है कि अप्रैल आधा बीत जाने के बाद भी सरकार ने डीए बढ़ाने का ऐलान नहीं किया है। इसी देरी को लेकर अब कर्मचारी संगठनों ने सरकार पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है।
नेशनल काउंसिल–जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने कैबिनेट सचिव को लेटर लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि देरी के कारण कर्मचारियों और पेंशनर्स के बीच असंतोष और चिंता बढ़ रही है। इसके साथ ही Confederation of Central Government Employees & Workers ने 16 अप्रैल को देशभर में लंच-ऑवर प्रोटेस्ट भी किया, ताकि सरकार का ध्यान इस मुद्दे की ओर खींचा जा सके।
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को 58% DA मिल रहा है और महंगाई के आंकड़ों (AICPI-IW) के आधार पर इसमें करीब 2% बढ़ोतरी की उम्मीद है। यानी नया DA लगभग 60% तक पहुंच सकता है। पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत (Dearness Relief - DR) में भी इसी तरह की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
हर साल दो बार होता है DA रिवीजन
सरकार साल में दो बार जनवरी और जुलाई के लिए DA बढ़ाती है। हालांकि इसकी घोषणा आमतौर पर त्योहारों के आसपास की जाती है, जैसे होली या दिवाली। पिछले साल भी मार्च के अंत में घोषणा हुई थी, जबकि जुलाई की बढ़ोतरी अक्टूबर में घोषित की गई थी। इस साल कर्मचारियों को उम्मीद थी कि होली यानी मार्च की शुरुआत के आसपास DA बढ़ोतरी का ऐलान हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यही वजह है कि यह पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा देरी वाला मामला बन गया है। पिछले 10 सालों में सरकार अधिकतम मार्च के अंत तक डीए बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।
देरी की असली वजह क्या है?
एक्सपर्ट का मानना है कि इस देरी के पीछे कोई बड़ा नीति बदलाव नहीं है। यह देरी मुख्य रूप से प्रशासनिक प्रक्रियाओं और मंजूरी के अलग-अलग चरणों के कारण हो रही है। DA बढ़ोतरी एक तय फॉर्मूले के आधार पर होती है, इसलिए इसमें बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन घोषणा से पहले कई स्तरों पर समीक्षा और मंजूरी की जरूरत होती है, जिससे समय लग सकता है।
कर्मचारियों को नुकसान नहीं होगा
देरी के बावजूद कर्मचारियों को नुकसान नहीं होगा। DA बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू मानी जाएगी और जब भी घोषणा होगी, तब तक का एरियर भी एक साथ दिया जाएगा।