DA Hike: 8वें वेतन आयोग के सैलरी रिवीजन से पहले ही केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाली है ये बड़ी खुशखबरी

DA Hike July 2026: लेबर ब्यूरो की प्रेस रिलीज के मुताबिक, मई 2026 में औद्योगिक श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई का सूचकांक 0.9 अंक बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया है, जो कि अप्रैल 2026 में 149.9 पर था। मई के आंकड़ों से यह साफ है कि कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा होना तय है

अपडेटेड Jul 01, 2026 पर 9:40 AM
महंगाई भत्ते की गणना पिछले 12 महीनों के AICPI-IW इंडेक्स के औसत के आधार पर की जाती है

DA Hike July 2026: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक बड़ा अपडेट आया है। जुलाई 2026 से लागू होने वाले अगले महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए नए आंकड़े सामने आ गए हैं। लेबर ब्यूरो ने मई 2026 के ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI-IW) के डेटा जारी कर दिए हैं, जो महंगाई भत्ते में होने वाले बदलाव को तय करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं।

AICPI-IW के आंकड़ों में बड़ा उछाल

लेबर ब्यूरो की प्रेस रिलीज के मुताबिक, मई 2026 में औद्योगिक श्रमिकों के लिए खुदरा महंगाई का सूचकांक (AICPI-IW) 0.9 अंक बढ़कर 150.8 पर पहुंच गया है, जो कि अप्रैल 2026 में 149.9 पर था। मई के महीने में सालाना महंगाई दर भी 4.72% दर्ज की गई है, जो पिछले साल मई 2025 में 2.93% थी। खाने-पीने की चीजों, ईंधन और कपड़ों की कीमतों में आई तेजी की वजह से इस इंडेक्स में यह उछाल देखा गया है।


क्या कहता है DA का कैलकुलेशन?

7वें वेतन आयोग के नियमों के मुताबिक, महंगाई भत्ते की गणना पिछले 12 महीनों के AICPI-IW इंडेक्स के औसत के आधार पर की जाती है।

अगर हम पिछले 11 महीनों के वास्तविक आंकड़ों और जून 2026 के एक अनुमानित आंकड़े (151.7) को मिला लें, तो पिछले 12 महीनों का ट्रेंड कुछ इस तरह बैठता है:

जुलाई 2025 से दिसंबर 2025: इंडेक्स 146.5 से शुरू होकर 148.2 तक पहुंचा।

जनवरी 2026 से मई 2026: सूचकांक 148.6 से बढ़कर 150.8 पर आ गया है।

जून 2026 (अनुमानित): अगर जून में भी तेजी जारी रहती है, तो यह 151.7 के आसपास रह सकता है।

इस अनुमान के आधार पर, पिछले 12 महीनों का औसत सूचकांक लगभग 148.63 रहने की उम्मीद है। जब इसे 7वें वेतन आयोग के आधिकारिक फॉर्मूले में डाला जाता है, तो कुल महंगाई भत्ता करीब 63.7% के आसपास बैठता है।

PPF, SCSS और NSC पर नहीं बढ़ा ब्याज, सरकार ने जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए जारी कीं नई दरें; देखें पूरी लिस्ट

जुलाई 2026 से कितनी होगी बढ़ोतरी?

कैलकुलेशन के आधार पर मौजूदा दर से करीब 3.7% की बढ़ोतरी का अनुमान दिख रहा है। हालांकि, सरकार दशमलव के आंकड़ों को छोड़कर इसे राउंड ऑफ करती है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3% की सीधी बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। हालांकि, यह पूरी तरह से एक अनुमान है। अंतिम और सटीक कैलकुलेशन जून 2026 के AICPI-IW आंकड़ों के आने के बाद ही साफ होगी।

कब मिलेगी गुड न्यूज और कैबिनेट की मंजूरी?

मई के आंकड़ों से यह साफ है कि कर्मचारियों की सैलरी में इजाफा होना तय है। जून का डेटा आने के बाद फाइल वित्त मंत्रालय से होते हुए केंद्रीय कैबिनेट के पास जाएगी। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। आमतौर पर सितंबर या अक्टूबर के महीने में इसका आधिकारिक एलान होता है, लेकिन इसे 1 जुलाई 2026 से ही लागू माना जाता है और कर्मचारियों को पिछले महीनों का एरियर भी दिया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।