New Rules from 1st November: आज से बदल गए हैं SBI बैंक, Whatsapp, ट्रेनों से जुड़े 7 नियम

आज 1 नवंबर से आपके जीवन से जुड़े कई नियम बदल चुके हैं

अपडेटेड Nov 01, 2021 पर 1:06 PM

आज 1 नवंबर से आपके जीवन से जुड़े कई नियम बदल चुके हैं। रसोई गैस मंहगी हो गई है। आज से कई फोन पर Whatsapp बंद हो चुका है। बैकों में पैसा जमा करने और निकालने पर ग्राहकों को चार्ज देना होगा। गैस बुक करने का तरीका भी बदलने वाला है। इन नियमों का सीधा असर आपकी जेब और जीवन पर पड़ने वाला है। आइए जानते हैं आज से क्या बदलाव हो गए हैं।

बढ़े सिलेंडर के दाम

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाती हैं। आज LPG गैस सिलेंडर पर 265 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। ये बढ़ोतरी कमर्शियल सिलेंडर में की गई है। घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। अब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 2000 रुपये के पार पहुंच गया है। इससे पहले यह 1733 रुपये का था। मुंबई में 1683 रुपये में मिलने वाला 19 किलो का सिलेंडर अब 1950 रुपये में मिलेगा। वहीं, कोलकाता में अब 19 किलो वाला इंडेन गैस सिलेंडर 2073.50 रुपये का हो गया है। चेन्नई में अब 19 किलो वाले सिलेंडर के लिए 2133 रुपये देने होंगे।

BOB के ग्राहकों को देना होगा चार्ज

आज 1 नवंबर से अब बैंकों में अपना पैसा जमा करने और निकालने पर चार्ज देना होगा। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने इसकी शुरुआत कर दी है। BOB के मुताबिक 1 नवंबर से एक लिमिट के बाद पैसा निकालने और जमा करने पर चार्जेस देने होंगे। ग्राहकों को लोन अकाउंट के लिए 150 रुपये देने होंगे।
नये नियम के मुताबिक सेविंग अकाउंट में तीन बार पैसे जमा करना मुफ्त होगा लेकिन उसके बाद एक महीने में 3 बार से ज्यादा पैसे जमा करने पर 40 रुपये देने होंगे। हालांकि, इसमें जनधन खाताधारकों को कुछ राहत मिली है, उन्हें तीन बार से ज्यादा बार जमा करने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा, इसके बदले पैसा निकालने पर 100 रुपये देने होंगे।

पेंशनभोगियों के लिए SBI शुरू कर रहा विशेष सुविधा


1 नवंबर से SBI अपने ग्राहकों के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत कर रहा है। जिसके बाद पेंशनर्स (Pensioners) को जीवन प्रमाणपत्र (Jeevan Praman Patra) जमा करने के लिए बैंक नहीं जाना होगा। बैंक की तरफ से ट्वीटर पर दी गई जानकारी के अनुसार कोई भी पेंशनभोगी 1 नवंबर से वीडियो कॉल के जरिए अपना जीवन प्रमाणपत्र (Life Certificate) जमा कर सकेगा।

बदलेगा ट्रेनों का टाइम टेबल

आज से भारतीय रेलवे देशभर में ट्रेनों के टाइम टेबल बदल गया है। दरअसल ये बदलाव पहले से ही तय कर लिए गए थे। पहले ये 1 अक्टूबर से होना था लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 1 नवंबर कर दिया गया। इस गिनती में 13 हजार पैसेंजर ट्रेन और 7 हजार मालगाड़ी है। इसके अलावा देश में करीब 30 राजधानी ट्रेनों का समय बदल गया है।

गैस सिलेंडर बुक करने के लिए चाहिए होगा OTP

आज से गैस सिलेंडर लेने का तरीका बदलने वाला नए नियम के मुताबिक गैस बुकिंग के बाद ग्राहकों को उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। बिना OTP के किसी की भी बुकिंग नहीं होगी। वहीं सिलेंडर घर पहुंचाने वाले डिलीवरी बॉय को यह OTP बताने के बाद ही ग्राहक सिलेंडर दे सकेंगे। बता दें कि नई सिलेंडर डिलीवरी पॉलिसी के तहत गलत पता और मोबाइल नंबर देने वाले ग्राहकों को परेशानी हो सकती है। कंपनियों ने पहले ही सभी ग्राहकों को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर अपडेट करने की सलाह दी है।

आज से खुले स्कूल

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) में सोमवार, 1 नवंबर से सभी कक्षाओं के लिए स्कूल फिर से खोल (Schools Reopening) दिए जाएंगे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने स्कूलों से कहा कि वे फिजिकल क्लास में शामिल नहीं होने वाले छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखें।

1 नवंबर से इन मोबाइल्स में बंद हो जाएगा WhatsApp

आज से कई फोन पर वॉट्सएप बंद हो जाएगा। 1 नवंबर 2021 के बाद से वॉट्सएप केवल उन स्मार्टफोन्स पर काम करेगा जो Android 4.1 (या उससे ज्यादा), iOS 10 (या उससे ज्यादा), KaiOS 2.5.0 (या उससे ज्यादा) पर काम करेंगे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।