Destination Wedding: कम खर्च में भी हो जाएगी डेस्टिनेशन वेडिंग, अपनाएं ये खास टिप्स
करीब दो साल बाद फिर से डेस्टिनेशन वेडिंग की चाहत बढ़ गई है। आप ऐसी वेडिंग चाहते हैं जो लंबे समय तक दोस्त और रिश्तेदारों को याद रहे। दुल्हा-दुल्हन के सात फेरे ऐसे खुशनुमा माहौल में हो, जिससे उनकी पूरी जिंदगी खुशमय बनी रहे
MoneyControl News
अपडेटेड Nov 08, 2022 पर 5:26 PM
जयपुर में एक रॉयल पैलेस में 150 मेहमानों के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग पर 50 से 70 लाख रुपये का खर्च आता है।
थार के रेगिस्तान (Thar Desert) में सूरज ढल रहा है। चारों और ऊंट और छोटे-छोटे तंबू नजर आ रहे हैं। ऋषिकेश में गंगा की लहरें जब किनारों से टकराती हैं तो ऐसा लगता है वे अपने साथ ईश्वर का कोई संदेशा आपके लिए लाई हैं। मसूरी में पहाड़ों के खूबसूरत नजारे को आप न सिर्फ आंखों से देख रहे हैं कि बल्कि आपका दिल भी इन पहाड़ों के हरेभरे पेड़ों से कुछ कह रहा होता है। अब ये सिर्फ छुट्टियां बिताने की जगहें नहीं हैं। ये मॉडर्न वेडिंग डेस्टिनेशंस (Wedding destinations) हैं।
करीब दो साल बाद फिर से डेस्टिनेशन वेडिंग की चाहत बढ़ गई है। आप ऐसी वेडिंग चाहते हैं जो लंबे समय तक दोस्त और रिश्तेदारों को याद रहे। दुल्हा-दुल्हन के सात फेरे ऐसे खुशनुमा माहौल में हो, जिससे उनकी पूरी जिंदगी खुशमय बनी रहे।
डेस्टिनेशन वेडिंग पर काफी खर्च आता है। साथ ही आपको काफी पहले इसकी प्लानिंग करनी पड़ती है। वेडिंगवायर इंडिया के मार्केटिंग हेड अनाम जुबैर ने कहा, "डेस्टिनेशन वेडिंग पर काफी पैसा खर्च होता है। इसमें अकोमोडेशन और डेस्टिनेशन पर पहुंचने का खर्च आता है।" लेकिन, इस खर्च को नियंत्रण में रखने के तरीके हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं:
सावधानी से करें डेस्टिनेशन का चुनाव
इंडिया में आज डेस्टिनेशंस की कमी नहीं है। आपको अपने बजट के हिसाब से सही डेस्टिनेशन का चुनाव करना होगा। वेडमीगुड की शिखा श्रीकंठ ने कहा कि आप हिल्स के होटल, बीच के रिजॉर्ट या किसी फाइव-स्टार होटल का चुनाव कर सकते हैं। पॉपुलर वेडिंग डेस्टिनेशन बहुत महंगे हो गए हैं। कोरोना की महामारी के पहले के मुकाबले डेस्टिनेशन वेडिंग 50 फीसदी महंगी हो चुकी है।
आप पैसे बचाने के लिए ऑफबीट लोकेशन का चुनाव कर सकते हैं। उदाहरण के लिए जोधपुर के रॉयल पैलेस की जगह मसूरी, ऋषिकेशन, केरल, नगालैंड, राजस्थान में खिमसर और मेघालय में शिलंग का चुनाव किया जा सकता है।
जयपुर में एक रॉयल पैलेस में 150 मेहमानों के साथ डेस्टिनेशन वेडिंग पर 50 से 70 लाख रुपये का खर्च आता है। इसके मुकाबले ऋषिकेश में एक होटल का खर्च 40 से 50 लाख रुपये आता है। श्रीकंठ ने कहा कि कॉस्ट को देखते हुए आपको ऐसे लोकेशन का चुनाव करना चाहिए, जो आपके होमटाउन के करीब हो। इससे आपका ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बचेगी।
दूसरे जरूरी खर्चों की भी प्लानिंग कर लें
अकोमोडेशन और ट्रांसपोर्टेशन के अलावा कई दूसरी चीजें पर हैं, जिन पर काफी पैसे खर्च होते हैं। इनमें फोटोग्राफी, मेकअप आर्टिस्ट्स और दूसरे वेंडर्स शामिल हैं। आप ट्रेडिशनल इनविटेशंस की जगह E-Invitation का चुनाव कर सकते हैं। मल्टीपल वेंडर्स की जगह इन-हाउस कैटरिंग सुविधा ली जा सकती है।
जरूरी है एडवान्स बुकिंग
एक बार प्लान पक्का हो जाने के बाद आपको सभी चीजों की बुकिंग जल्द से जल्द कर लेनी चाहिए। इसमें लोकल फोटोग्राफर से लेकर कैटरिंग सर्विसेज शामिल हैं। श्रीकंठ ने कहा कि आपको वेन्यू की ओवरटाइम फीस, टैक्सेज, पंडित पर आने वाले खर्च का भी ध्यान रखना होगा। इसका अलावा कॉपीराइट कॉस्ट और इक्विपमेंट हायरिंग कॉस्ट को भी याद रखना होगा।
ऑफ-सीजन तारीख का चुनाव करें
आम तौर पर शादी-ब्याह के अलग सीजन होते हैं। लेकिन, धीरे-धीरे लोग अब ऑफ-सीजन में भी शादी करने के बारे में सोचने लगे हैं। इसकी वजह यह है कि सीजन में शादी के आयोजन के मुकाबले ऑफ-सीजन में खर्च काफी कम आता है। सीजन में वेन्यू, डेकोरेशन और दूसरी सेवाओं की ज्यादा मांग होने की वजह से यह खर्च करीब दोगुना रहता है।
मेहमानों की लिस्ट को सीमित रखें
मेहमानों की संख्या जितनी ज्यादा होगी, खर्च उतना ही ज्यादा होगा। आपको दो परिवारों की फैमिली का ध्यान रखता है। एक दुल्हे की और दूसरी दुल्हन की। इसलिए आपको खर्च को नियंत्रण में रखने के लिए गेस्ट लिस्ट छोटी रखनी चाहिए। अगर मुमकिन हो तो डेस्टिनेशन पर कम मेहमानों को बुलाएं और घर लौटने के बाद बाकी मेहमानों के लिए रिसेप्शन का आयोजन कर दें।
डिस्काउंट और स्पेशल स्कीम का फायदा उठाएं
आजकल वेडिंग डेस्टिनेशन पर होटल या पैलेस कई तरह की स्कीम या डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं। आप उनसे इसके बारे में बात कर सकते हैं। अगर अच्छी तरह से मोलभाव कर सकते हैं तो कुल खर्च में 15-20 फीसदी का डिस्काउंट हासिल करना मुश्किल नहीं है।