
सोचिए, हाथ में हर महीने 1.70 लाख रुपये की सैलरी आए और फिर भी टूटा हुआ फोन बदलने से पहले सौ बार सोचना पड़े? दिल्ली की 27 साल की इस महिला की कहानी सुनकर आपको भी यकीन नहीं होगा। सोशल मीडिया पर शेयर किए इस अनुभव ने न सिर्फ लोगों को हैरान किया, बल्कि यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि क्या ज्यादा कमाना सच में ज्यादा जीना है, या बस बिल भरने की मशीन बन जाना?
लाखों में सैलरी के बाद भी पूरे नहीं हो रहे खर्चे
दिल्ली की 27 साल की एक महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर अपना अनुभव शेयर किया। कारण जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। वो हर महीने 1.7 लाख रुपये की सैलरी कमाती हैं, लेकिन खुद पर खर्च करने में भी उन्हें अपराधबोध होता है। उनकी 31 जुलाई की गई पोस्ट पर 400 से ज्यादा थम्स अप और दर्जनों कमेंट आए, जिसमें कई लोगों ने अपनी कहानी से इसे जोड़कर देखा।
कमाई ज्यादा, लेकिन जेब में कुछ नहीं बचता
महिला ने बताया कि उनकी सैलरी सुनने में बड़ी लगती है, लेकिन एसआईपी (Systematic Investment Plans), एजुकेशन लोन की ईएमआई और फिक्स्ड खर्चों के बाद उनके पास अपने लिए कुछ भी नहीं बचता। इतना कि टूटा हुआ फोन बदलने तक से डर लगता है, क्योंकि उन्हें लगता है कि ये पैसों की बर्बादी होगी। उनकी सेविंग पर असर पड़ेगा।
फिजूलखर्ची से कोसों दूर
महिला का लाइफस्टाइल बिल्कुल साधारण है। वह बाहर से खाना शायद ही ऑर्डर करती हैं। अगर करती हैं तो 200 रुपये से कम का ही ऑर्डर देती हैं। सोशल आउटिंग्स भी बेहद कम हैं। उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा इन खर्चों में जाता है:
30,000 रुपये – एजुकेशन लोन की ईएमआई (Education Loan EMI)
50,000 रुपये से 60,000 रुपये – एसआईपी (SIP)
20,000 रुपये – रोजाना के आने-जाने का खर्च यानी ट्रांसपोर्ट कॉस्ट
5,000 रुपये – घरेलू मदद (Domestic Help)
5,000 रुपये – पर्सनल एक्टिविटी और स्पोर्ट्स
इसके अलावा पिछले 4 महीनों से वह अपनी मां को 20,000 रुपये हर महीने वापस कर रही हैं, जो पहले उन्हें मदद के तौर पर दिए गए थे।
सिर्फ बिल भरने के लिए कर रही हूं काम
महिला ने पोस्ट में लिखा कि मुझे ये जिंदगी बिल्कुल पसंद नहीं, जहां पूरे दिन काम करने के बाद भी अपने ऊपर खर्च नहीं कर सकती। मुझे समझ नहीं आ रहा क्या करूं, काफी निराश महसूस कर रही हूं। कई यूजर्स ने उनकी भावनाओं को समझा और कहा कि कमाने का मतलब ही क्या अगर खुद पर खर्च न कर सको? जिंदगी एक ही बार मिलती है, बैलेंस जरूरी है।
कुछ ने उनकी फाइनेंशियल डिसिप्लिन की तारीफ की, बस ट्रैवल कॉस्ट को कम करने की सलाह दी। अन्य ने प्रैक्टिकल सुझाव दिए – हर महीने 10,000 रुपये से 20,000 रुपये सिर्फ अपने लिए अलग रखो। बजट प्लानिंग थोड़ी कम इनकम को बेस मानकर करो ताकि मानसिक स्तर पर परेशान न हो।
यह कहानी सिर्फ एक महिला की नहीं है, बल्कि उन हजारों युवाओं की है जो काम सिर्फ अपने बिल चुकाने के लिए कर रहे हैं। वह इनके बीच अपने ऊपर खर्च कर नहीं कर पाते। अपनी लाइफ को भी इंजॉय नहीं कर पाते। हजारों युवा अच्छी कमाई के बावजूद बढ़ते खर्चों और आर्थिक दबाव के बीच अपनी खुशी खो बैठते हैं। सवाल यही है कि क्या हम पैसे कमा रहे हैं, या पैसा हमें चला रहा है?
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।