2026 में EPFO के 5 बड़े अपडेट: ऑटो-ट्रांसफर से लेकर UPI-ATM तक, जानिए क्या-क्या बदला
EPFO Major Changes In 2026: नए बदलावों का सीधा असर देश के करोड़ों नौकरीपेशा कर्मचारियों पर पड़ेगा। अब नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर करने की झंझट खत्म होने से लेकर, सीधे UPI और ATM से पैसे निकालने जैसी सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। जानिए इन 5 बड़े अपडेट्स की पूरी डिटेल्स
नए नियम के तहत अब उन सभी कर्मचारियों के लिए पीएफ ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमैटिक कर दी गई है, जिनका UAN नंबर आधार से लिंक है
EPFO Rules Changes in 2026: एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने इस साल यानी 2026 में कई बड़े और क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। इन बदलावों का सीधा असर देश के करोड़ों नौकरीपेशा कर्मचारियों पर पड़ेगा। अब नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर करने की झंझट खत्म होने से लेकर, सीधे UPI और ATM से पैसे निकालने जैसी सुविधाएं शुरू की जा रही हैं।
अगर आप भी पीएफ खाताधारक हैं, तो आपके लिए EPFO द्वारा लागू किए गए और जल्द आने वाले इन 5 सबसे बड़े अपडेट्स को जानना बेहद जरूरी है।
1. जॉब बदलते ही ऑटोमैटिक ट्रांसफर होगा PF
पहले नौकरी बदलने पर कर्मचारियों को अपना पीएफ बैलेंस पुरानी कंपनी से नई कंपनी में ट्रांसफर करने के लिए अलग से ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करना पड़ता था। इसमें पुराने नियोक्ता, नए नियोक्ता और EPFO ऑफिस के अप्रूवल की लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।
नए नियम के तहत अब उन सभी कर्मचारियों के लिए पीएफ ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी तरह ऑटोमैटिक कर दी गई है, जिनका UAN नंबर आधार से लिंक है और KYC अपडेट है। यानी अब आपको नौकरी बदलते समय ट्रांसफर के लिए अलग से क्लेम फॉर्म भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे कागजी कार्रवाई और समय दोनों की बचत होगी।
2. ऑटो-सेटलमेंट का दायरा बढ़ा, अब फाइनल विड्रॉल भी चुटकियों में
EPFO अपने सिस्टम को पूरी तरह से डिजिटल और ऑटोमेटेड बना रहा है। केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति के मुताबिक, अब फाइनल पीएफ विड्रॉल को भी ऑटो-सेटलमेंट मोड में लाया जा रहा है।
अभी तक केवल एडवांस पीएफ निकालने के लिए ₹5 लाख तक के दावों को ऑटो-सेटलमेंट के जरिए निपटाया जाता था। लेकिन अब नौकरी छोड़ने के बाद या फुल एंड फाइनल सेटलमेंट के दावों को भी इसी ऑटो-सेटलमेंट मोड में शामिल किया जा रहा है, जिससे आपका पैसा बिना किसी मानवीय देरी के सीधे बैंक खाते में क्रेडिट हो जाएगा।
3. अब UAN एक्टिवेशन सिर्फ UMANG App से
EPFO ने अपने यूनिफाइड मेंबर पोर्टल से यूएएन एक्टिवेशन और जेनरेशन की पुरानी सुविधा को बंद कर दिया है। अब नए या मौजूदा सदस्यों को अपना UAN एक्टिवेट करने के लिए UMANG App का इस्तेमाल करना होगा। उमंग ऐप के जरिए यूएएन एक्टिवेट करते समय अब आधार-आधारित चेहरा पहचान प्रणाली अनिवार्य कर दी गई है। डेटाबेस को मजबूत और सिक्योरिटी अपग्रेडेशन के बाद सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने और ऑनलाइन धोखाधड़ी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
4. सेम-डे क्लेम सेटलमेंट और 12% ब्याज का नियम
पीएफ क्लेम के निपटारे में होने वाली देरी को खत्म करने के लिए EPFO ने बेहद कड़े मानक लागू किए हैं:
1 से 2 दिन में क्लेम सेटलमेंट: सदस्यों द्वारा दायर किए गए नए पीएफ विड्रॉल क्लेम का निपटारा अब उसी दिन या अधिकतम 2 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।
EPS 2026 का 20 दिनों का सख्त नियम: योग्य पेंशन दावों को प्रोसेस करने के लिए 20 दिनों की सख्त समय सीमा तय की गई है।
12% पेनल्टी ब्याज: अगर बिना किसी वैध और लिखित कारण के EPFO 20 दिनों के भीतर पेंशन क्लेम का निपटारा करने में विफल रहता है, तो देरी की अवधि के लिए 12% प्रति वर्ष की दर से ब्याज का भुगतान करना होगा। यह ब्याज राशि जिम्मेदार अधिकारी के वेतन से वसूल की जा सकती है।
5. जल्द शुरू होगी UPI और ATM से PF निकासी
EPFO जल्द ही एक और बड़ा बदलाव करने जा रहा है, जिसके तहत पीएफ क्लेम का पैसा सीधे सदस्य के UPI-लिंक्ड बैंक खाते (BHIM App) में ट्रांसफर किया जा सकेगा।सरकार की योजना के अनुसार, इस नए फ्रेमवर्क के लागू होने के बाद सदस्य भीम ऐप के जरिए क्लेम सबमिट कर सकेंगे और पैसा उनके UPI से जुड़े बैंक अकाउंट में आ जाएगा, जिसे बाद में ATM से भी निकाला जा सकेगा। इस सुविधा को लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे जल्द ही सभी सदस्यों के लिए लाइव कर दिया जाएगा।