EPF Interest Credit: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 7 करोड़ से ज्यादा खाताधारकों के लिए खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद अब EPFO जल्द ही सदस्यों के खातों में ब्याज की राशि जमा करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने पहले ही 8.25% ब्याज दर की सिफारिश की थी। अब अंतिम मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों के PF खातों में ब्याज क्रेडिट होने का रास्ता साफ हो गया है।
कब आएगा PF खाते में ब्याज?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, EPFO इसी महीने खातों में ब्याज जमा करना शुरू कर सकता है। हालांकि संगठन की ओर से अभी कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।
ध्यान देने वाली बात है कि ब्याज की गणना पूरे वित्त वर्ष के लिए की जाती है। इसलिए पासबुक में एंट्री देर से दिखने पर भी खाताधारकों का कोई नुकसान नहीं होता। ब्याज पूरी अवधि के लिए जोड़ा जाता है और मंजूरी मिलने के बाद खाते में क्रेडिट किया जाता है।
कैसे चेक करें ब्याज जमा हुआ या नहीं?
1. EPFO Passbook Portal : UAN और पासवर्ड की मदद से EPFO पासबुक पोर्टल में लॉगिन करके अपडेटेड बैलेंस देखा जा सकता है। ब्याज जमा होने के बाद उसकी एंट्री पासबुक में दिखाई देगी।
2. UMANG App : UMANG ऐप के जरिए भी सदस्य अपने EPF खाते का बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देख सकते हैं।
3. SMS सेवा : अगर UAN एक्टिव है और आधार, PAN या बैंक खाते से लिंक है तो SMS के जरिए भी PF खाते की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
4. Missed Call Service : रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFO की मिस्ड कॉल सेवा का उपयोग करके भी खाते से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है।
ब्याज जमा होने में समय क्यों लगता है?
EPF ब्याज दर पहले EPFO का केंद्रीय न्यासी बोर्ड तय करता है। इसके बाद प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए भेजा जाता है। मंत्रालय की स्वीकृति मिलने के बाद ही EPFO करोड़ों खातों में ब्याज जमा करने की प्रक्रिया शुरू करता है।
लगातार तीसरे साल 8.25% ब्याज
EPFO ने FY2025-26 के लिए ब्याज दर 8.25% पर बरकरार रखी है। इससे पहले FY2024-25 और FY2023-24 में भी यही दर लागू थी। लगातार तीसरे साल समान ब्याज दर बनाए रखने से नौकरीपेशा लोगों को PF निवेश पर स्थिर और आकर्षक रिटर्न मिलता रहेगा।