How to check PF Balance: प्रोविडेंट फंड (PF) के सब्सक्राइबर को दिवाली से पहले EPFO की तरफ से अच्छी खबर मिलने लगी है। EPFO ने वित्तीय वर्ष 2020-21 का ब्याज PF खाताधारों के खाते में डालना शुरू कर दिया है। देश के करीब 6.5 करोड़ सब्सक्राइबर के खाते में पैसे आने लगे हैं। ऐसे में सभी खाताधारक अपने पीएफ खाते को चेक कर रहे हैं कि उनके खाते में कितना PF का पैसा आया। आइए जानते हैं आप किस तरीके से अपनी पीएफ की स्टेटमेंट निकाल सकते हैं।
अगर नहीं आया पैसा तो न हों परेशान
अभी तक कई खाताधारकों को ब्याज का पैसा नहीं मिला है लेकिन उम्मीद है कि जल्द उनके खाते में पैसा आ जाएगा। दरअसल, ब्याज की रकम जोन वाइज क्रेडिट होने के क कारण कई बार अलग-अलग जोन में पैसा क्रेडिट होने में समय लगता है।
इतना आया है ब्याज का पैसा
गौरतलब है कि सरकार पहले ही वित्त वर्ष 2020-21 के लिए पीएफ पर 8.5 फीसदी ब्याज ट्रांसफर करने के प्रस्ताव पर हरी झंडी दे चुकी थी। लेबर मिनिस्ट्री ने भी इस फैसले पर अपनी सहमति दे दी थी। अब EPFO सब्सक्राइबर्स के खातों में 8.5 फीसदी ब्याज जमा कर रही है।
ऑनलाइन अपना बैलेंस देखने के लिए EPF पासबुक पोर्टल पर विजिट करें। इस पोर्टल पर अपना UAN और पासवर्ड के जरिए लॉग इन करें। इसमें Download/View Passbook पर क्लिक करें और फिर आपके सामने पासबुक खुलेगा जिसमें बैलेंस देख सकते हैं। आप यहां से अपनी पासबुक डाउनलोड भी कर सकते हैं।
SMS के जरिए चेक कर सकते हैं बैलेंस
EPFO के पास रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 7738299899 पर EPFO UAN LAN (भाषा) भेजना है। LAN का मतलब आपकी भाषा से हैं। अगर आपको अंग्रेजी में जानकारी चाहिए तो LAN की जगह ENG लिखना होगा। इसी तरह हिंदी के लिए HIN और तमिल के लिए TAM लिखना है। हिंदी में जानकारी पाने के लिए EPFOHO UAN HIN लिखकर मैसेज करना होगा।
मिस्ड कॉल के जरिए जान सकते हैं डिटेल्स
आप चाहें तो एक मिस्ड कॉल के जरिए भी अपना EPF बैलेंस जान सकते हैं। इसके लिए आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल करना है।