अब बिना OTP और फिंगरप्रिंट के एक्टिवेट होगा UAN! उमंग ऐप पर आया 'फेस ऑथेंटिकेशन' फीचर, इन 7 स्टेप में आज ही करें चालू

EPFO UAN Activation: कई बार यूजर्स के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं आता या फिर फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता। इस बड़ी समस्या को खत्म करने के लिए EPFO ने उमंग ऐप पर एक बेहद आसान तकनीक 'फेस ऑथेंटिकेशन' की शुरुआत की है। अब आप चुटकियों में अपना UAN एक्टिवेट कर सकते हैं और ईपीएफओ की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं

अपडेटेड Jun 04, 2026 पर 4:48 PM
अब पीएफ खाताधारक केवल अपने चेहरे को स्कैन करके चुटकियों में अपना UAN एक्टिवेट कर सकते हैं

EPFO UAN Activation: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपने करोड़ों पीएफ खाताधारकों को एक बहुत बड़ी राहत दी है। अक्सर देखा गया है कि जब कर्मचारी अपना यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) एक्टिवेट करने जाते हैं, तो उनके आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं आता या फिर फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता। इस बड़ी समस्या को खत्म करने के लिए EPFO ने उमंग ऐप पर एक बेहद आसान तकनीक 'फेस ऑथेंटिकेशन' की शुरुआत की है।

अब पीएफ खाताधारक केवल अपने चेहरे को स्कैन करके चुटकियों में अपना UAN एक्टिवेट कर सकते हैं और ईपीएफओ की डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। आइए जानते हैं इस फीचर का इस्तेमाल करने का पूरा स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस।

फेस ऑथेंटिकेशन के लिए इन 2 ऐप्स की होगी जरूरत


इस नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपके स्मार्टफोन में दो आधिकारिक सरकारी ऐप्स का होना अनिवार्य है:

Umang App: केंद्र सरकार का ऑल-इन-वन ऐप, जहां ईपीएफओ की सेवाएं मिलती हैं।

Aadhaar FaceRD App: यह भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) का आधिकारिक ऐप है, जो चेहरे को लाइव स्कैन और वेरिफाई करने के लिए बैकग्राउंड में काम करता है। इसे आप गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।

ये है UAN एक्टिवेट करने का Step-by-Step प्रोसेस

अगर आप पहली बार अपना UAN एक्टिवेट कर रहे हैं या किसी वजह के कारण आपका प्रोसेस अटका हुआ है, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें:

स्टेप 1: ऐप डाउनलोड और लॉगिन करें: सबसे पहले अपने मोबाइल में 'Umang' ऐप खोलें। अगर अकाउंट नहीं है, तो अपने मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्टर करके लॉगिन करें।

स्टेप 2: EPFO सर्विस सर्च करें: ऐप के होमपेज पर ऊपर दिए गए सर्च बार में 'EPFO' टाइप करके सर्च करें और ईपीएफओ के आधिकारिक डिपार्टमेंट पेज पर क्लिक करें।

स्टेप 3: UAN एक्टिवेशन विकल्प चुनें: EPFO सेक्शन के भीतर आपको कई विकल्प दिखाई देंगे। वहां 'Employee Centric Services' के तहत 'UAN Activation' या 'UAN Activity' के विकल्प पर टैप करें।

स्टेप 4: बेसिक क्रेडेंशियल्स दर्ज करें: अब स्क्रीन पर मांगे गए जरूरी विवरण भरें, जैसे- आपका UAN नंबर, नाम, जन्म तिथि और आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर।

स्टेप 5: 'Face Authentication' का चयन करें: डेटा भरने के बाद, वेरिफिकेशन के लिए स्क्रीन पर आपको 'OTP' के साथ ही 'Face Authentication' का नया विकल्प दिखाई देगा। इस पर क्लिक करें।

स्टेप 6: चेहरा स्कैन करें: जैसे ही आप फेस ऑथेंटिकेशन पर क्लिक करेंगे, आपके फोन का फ्रंट कैमरा चालू हो जाएगा। कैमरे के सामने सीधे देखें और अपनी आंखे एक बार झपकाएं। पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करें ताकि आपका चेहरा साफ दिखे।

स्टेप 7: सफलतापूर्वक एक्टिवेशन: चेहरा मैच होते ही आपका डेटा तुरंत सत्यापित हो जाएगा। इसके बाद स्क्रीन पर 'UAN Successfully Activated' का मैसेज आ जाएगा और आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक डिफॉल्ट पासवर्ड भेज दिया जाएगा।

इस फीचर से पीएफ कर्मचारियों को क्या होंगे फायदे?

ईपीएफओ का यह कदम तकनीकी रूप से एक बड़ा रिफॉर्म माना जा रहा है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को ये सीधे फायदे मिलेंगे:

ओटीपी के झंझट से मुक्ति: कई बार टेलीकॉम नेटवर्क की खराबी या आधार में पुराना मोबाइल नंबर दर्ज होने के कारण ओटीपी नहीं आता था। अब चेहरा ही आपका पासवर्ड बन जाएगा।

फर्जीवाड़े पर लगाम: फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक लाइव चेहरों को पहचानती है, जिससे कोई अन्य व्यक्ति आपके पीएफ खाते के साथ छेड़छाड़ या गलत तरीके से यूएएन एक्टिवेट नहीं कर पाएगा।

बुजुर्गों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत: जिन कर्मचारियों या पेंशनभोगियों के फिंगरप्रिंट्स उम्र बढ़ने या मेहनत-मजदूरी करने के कारण घिस जाते हैं और बायोमेट्रिक मशीनों में मैच नहीं होते, उनके लिए यह तकनीक किसी वरदान से कम नहीं है।

यहां इस बात का ध्यान रखें कि फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आपका चेहरा आपके डेटाबेस में मौजूद फोटो से मेल खाना चाहिए और स्कैनिंग के समय आपके चेहरे पर सीधी रोशनी होनी चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।