EPFO On WhatsApp: अब व्हाट्सएप पर ही मिलेंगे PF अकाउंट के सारे अपडेट्स! क्लेम से लेकर KYC तक...सब होगा क्लियर, ऐसे जुड़े
EPFO WhatsApp Channel: पीएफ खाताधारकों के लिए बड़ी खबर है। अब यूएएन, पीएफ निकासी नियम और नई योजनाओं की हर आधिकारिक जानकारी आपको सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगी। ईपीएफओ ने सदस्यों के लिए अपना आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल और 138 क्षेत्रीय हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जानिए इसमें कैसे जुड़ें और अपनी शिकायतों का 24 घंटे में हल कैसे पाएं
व्हाट्सएप चैनल पर संगठन की तरफ से कई महत्वपूर्ण विषयों पर रेगुलर अपडेट दिए जा रहे हैं
EPFO WhatsApp Channel & Helpline Updates: अगर आप नौकरीपेशा हैं और आपका भी पीएफ (PF) कटता है, तो आपके लिए बड़ी और काम की खबर है। अब आपको अपने ईपीएफओ (EPFO) खाते से जुड़े अहम नोटिफिकेशन, योजनाओं में बदलाव या किसी नई घोषणा के लिए बार-बार सरकारी पोर्टल के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों से अपील की है कि वे सही और आधिकारिक जानकारी सीधे अपने मोबाइल पर पाने के लिए ईपीएफओ के ऑफिशियल व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें। आइए आपको बताते हैं कि यह व्हाट्सएप चैनल आपके किस काम आएगा और आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।
EPFO WhatsApp Channel: क्या-क्या मिलेंगे अपडेट्स?
ईपीएफओ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए सभी सदस्यों को इस चैनल से जुड़ने का संदेश दिया है। इस व्हाट्सएप चैनल पर संगठन की तरफ से कई महत्वपूर्ण विषयों पर नियमित अपडेट दिए जा रहे हैं, जैसे:
यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से जुड़े दिशा-निर्देश और जरूरी केवाईसी (KYC) अपडेट।
एंप्लाइज एनरोलमेंट कैंपेन 2026 और एम्नेस्टी स्कीम 2026 की जानकारी।
पीएफ नियमों में होने वाले नए बदलाव और शिकायत निवारण से जुड़ी गाइडलाइंस।
चैनल की खासियत: ईपीएफओ का यह आधिकारिक चैनल सदस्यों को बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप या फर्जी खबरों के चक्कर में फंसे, सीधे व्हाट्सएप पर ही प्रामाणिक अपडेट देने का काम करता है।
स्टेप-बाय-स्टेप: व्हाट्सएप चैनल से कैसे जुड़ें?
अपने व्हाट्सएप में इस चैनल को फॉलो करना बेहद आसान है:
अपने फोन में WhatsApp खोलें और नीचे या ऊपर दिख रहे Updates वाले सेक्शन में जाएं।
Channels विकल्प के बगल में दिख रहे Explore पर टैप करें।
सर्च बार में 'EPFO' टाइप करें।
नीले टिक वाले आधिकारिक EPFO चैनल पर क्लिक करें और ऊपर दिए गए Follow बटन को दबाएं।
WhatsApp Helpline Facility: 138 क्षेत्रीय कार्यालयों में डायरेक्ट मदद
व्हाट्सएप चैनल के अलावा, ईपीएफओ अपने सभी 138 क्षेत्रीय कार्यालयों में एक समर्पित व्हाट्सएप हेल्पलाइन सुविधा भी चला रहा है।
24 घंटे में समस्या का समाधान: हर रीजनल ऑफिस में एक समर्पित टीम बनाई गई है, जिसका लक्ष्य सदस्यों की शिकायतों और सवालों का जवाब 24 घंटे के भीतर देना होता है।
इन समस्याओं के लिए पा सकते हैं मदद:
पीएफ निकासी (PF Withdrawal) में देरी या क्लेम रिजेक्ट होना।
पीएफ ट्रांसफर (PF Transfer) से जुड़ी दिक्कतें।
नियोक्ता (Employer) द्वारा पीएफ योगदान जमा न करना।
केवाईसी (KYC) सुधार या प्रोफाइल अपडेट की समस्याएं।
ध्यान दें: ईपीएफओ के आंकड़ों के मुताबिक, इस हेल्पलाइन के जरिए करीब 3.94 लाख से अधिक शिकायतें मिली थीं, जिनमें से 3.91 लाख से ज्यादा शिकायतों का सफलता से निपटारा किया जा चुका है।
क्या ध्यान रखना जरूरी है?
व्हाट्सएप चैनल केवल न्यूज अपडेट्स और जानकारी के लिए है, जबकि क्षेत्रीय व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर शिकायतों के मार्गदर्शन के लिए हैं।
हालांकि, अगर आपको ऑनलाइन क्लेम फाइल करना है, क्लेम का स्टेटस देखना है या पीएफ पासबुक डाउनलोड करनी है, तो इन औपचारिक कामों के लिए आपको हमेशा की तरह ईपीएफओ के मेंबर पोर्टल या UMANG App का ही उपयोग करना होगा।
साइबर अपराधों और फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप्स के दौर में केवल ब्लू टिक वाले आधिकारिक EPFO Channel को ही फॉलो करें। किसी भी अनजान व्हाट्सएप नंबर पर अपना UAN नंबर, पासवर्ड, आधार या ओटीपी शेयर न करें। क्षेत्रीय हेल्पलाइन के आधिकारिक नंबर हमेशा केवल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट से ही निकालें।